खेल

खेलः IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए तय हुईं चार टीमें, जानें पूरा शेड्यूल और क्वालीफायर-1 में RCB और GT की भिड़ंत

ट्रेविस हेड और विराट कोहली के बीच पिछले हफ्ते आईपीएल 2026 के मैच के दौरान मैदान पर तकरार देखने को मिली थी, जिसके बाद ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने बताया है कि उनके परिवार और दोस्तों को आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है।

IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए तय हुईं चार टीमें, जानें पूरा शेड्यूल और क्वालीफायर-1 में RCB और GT की भिड़ंत
IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए तय हुईं चार टीमें, जानें पूरा शेड्यूल और क्वालीफायर-1 में RCB और GT की भिड़ंत फोटोः IANS

IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए तय हुईं चार टीमें, जानिए पूरा शेड्यूल

70 लीग मुकाबलों के बाद आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की चार टीमें तय हो चुकी हैं। रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) को हराकर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी। आइए आपको बताते हैं कि प्लेऑफ में किस टीम की होगी किससे भिड़ंत और कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का रोमांच मंगलवार (26 मई) से शुरू होगा। अंक तालिका में पहले स्थान पर रहने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम की भिड़ंत पहले क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मंगलवार को खेला जाएगा। पहले क्वालिफायर को जीतने वाली टीम को सीधा फाइनल का टिकट मिल जाएगा।

इसके बाद बुधवार (27 मई) को एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) का सामना राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से होगा। एलिमिनेटर मुकाबले की मेजबानी न्यू चंडीगढ़ का महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम करेगा। 29 मई को दूसरा क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। पहले क्वालिफायर में हारने और एलिमिनेटर मुकाबले को जीतने वाली टीम की भिड़ंत दूसरे क्वालिफायर मैच में होगी।

दूसरे क्वालिफायर की मेजबानी भी न्यू चंडीगढ़ का महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ही करेगा। अंक तालिका में आरसीबी पहले और जीटी दूसरे नंबर पर रही, जिसके कारण उन्हें पहला क्वालिफायर हारने के बाद दूसरे क्वालिफायर में एक और मौका मिलेगा। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। फाइनल मैच की मेजबानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का शेड्यूल 26 मई (मंगलवार) - पहला क्वालिफायर - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस 27 मई (बुधवार) - एलिमिनेटर - सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स 29 मई (शुक्रवार) - दूसरा क्वालिफायर 31 मई (रविवार) - फाइनल

Published: undefined

'कोहली से झगड़े के बाद हेड के परिवार की हुई ट्रोलिंग'

ट्रेविस हेड और विराट कोहली के बीच पिछले हफ्ते आईपीएल 2026 के मैच के दौरान मैदान पर तकरार देखने को मिली थी, जिसके बाद ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने बताया है कि उनके परिवार और दोस्तों को आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो कोहली और हेड के बीच कुछ कहा-सुनी हुई। जब सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रनों से जीत दर्ज कर ली, तो हेड ने मैच के बाद कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन कोहली बिना कोई जवाब दिए उनके पास से गुजर गए और हाथ मिलाने से मना कर दिया, जबकि उन्होंने एसआरएच के दूसरे खिलाड़ियों से सामान्य अंदाज में हाथ मिलाया।

यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। जेसिका ने सोमवार को 'द एडवरटाइजर' से कहा, "ऐसा लग रहा है जैसे वर्ल्ड कप के बाद जो हमें जिस तरह आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था, वही फिर से हो रहा है। जब मैं सुबह उठी तो देखा कि मेरे सोशल मीडिया पर अभद्र शब्दों की बाढ़ आई हुई है। हम तो ठीक हैं, लेकिन वे मेरे दोस्तों और परिवार पर हमला कर रहे हैं।"

जेसिका ने यह भी बताया कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और साल 2024 के बॉक्सिंग डे टेस्ट में जब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था, तब भी उन्हें इस तरह की अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। जेसिका ने फैंस से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर क्रिकेटर्स और उनके परिवारों के प्रति अधिक सम्मानजनक रवैया अपनाएं। जेसिका ने कहा, "मुझे लगता है कि इस समय सभी खेलों में मानसिक स्वास्थ्य, नजरिए और हम एक-दूसरे से कैसे बात करते हैं, इस पर एक जरूरी बातचीत चल रही है। जुनून हमेशा खेल का हिस्सा रहेगा, लेकिन यह याद रखना भी उतना ही जरूरी है कि खेल के पीछे असली लोग और परिवार भी होते हैं। उम्मीद है कि इससे एक-दूसरे के प्रति ज्यादा दयालुता और समर्थन को बढ़ावा मिलेगा।"

Published: undefined

पर्पल कैप की रेस में आर्चर की एंट्री, सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप

आईपीएल 2026 में लीग स्टेज का अंत हो चुका है। 70 मुकाबलों के बाद अब प्लेऑफ के रोमांच की बारी है। रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का प्रदर्शन दमदार रहा। इस मुकाबले में 3 विकेट लेने के साथ ही आर्चर पर्पल कैप की रेस में टॉप 3 में शामिल हो गए हैं। आर्चर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 4 ओवर के स्पेल में 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। आईपीएल 2026 में आर्चर 14 मुकाबलों में अब 21 विकेट निकाल चुके हैं और वह इस सीजन सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। आर्चर ने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज अंशुल कंबोज को पीछे छोड़ दिया है।

हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का पर्पल कैप पर कब्जा बरकरार है। भुवनेश्वर 14 मुकाबलों में 24 विकेट निकाल चुके हैं। गुजरात टाइटंस के गेंदबाज कगिसो रबाडा 24 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं, राशिद खान 14 मुकाबलों में 19 विकेट लेने के साथ ही पर्पल कैप की रेस में पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।

ऑरेंज कैप गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के सिर की शोभा बढ़ा रही है। सुदर्शन 14 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 638 रन बना चुके हैं। सुदर्शन के जोड़ीदार और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 13 मुकाबलों में 616 रन बनाकर दूसरे स्थान पर काबिज हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 606 रनों के साथ इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज केएल राहुल 14 मुकाबलों में 593 रनों के साथ चौथे स्थान पर आ गए हैं। राहुल ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 60 रनों की दमदार पारी खेली थी। राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 583 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

Published: undefined

फ्रेंच ओपन में उम्रदराज खिलाड़ियों का जलवा, जोकोविच दूसरे दौर में पहुंचे

फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दिन कुछ उम्रदराज खिलाड़ियों ने अपना जलवा दिखाया जिनमें नोवाक जोकोविच प्रमुख थे जिन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि 39 वर्ष की उम्र में भी वह अपने युवा प्रतिद्वंद्वियों पर भारी पड़ सकते हैं। जोकोविच को पहले दौर में न सिर्फ अपने से लगभग आधी उम्र के स्थानीय खिलाड़ी का सामना करना पड़ रहा था बल्कि उन्हें दर्शकों का भी समर्थन नहीं मिल रहा था।

जोकोविच ने अपने रिकॉर्ड 82वें ग्रैंड स्लैम में फ्रांस के 22 वर्षीय खिलाड़ी जियोवानी म्पेटशी पेरिकार्ड से पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके दो घंटे 51 मिनट तक चले मैच में 5-7, 7-5, 6-1, 6-4 से जीत हासिल की। उन्होंने मैच के बाद कहा, ‘‘रोलैंड गैरोस के सेंटर कोर्ट पर किसी फ्रांसीसी खिलाड़ी के खिलाफ खेलना जाहिर तौर पर इतना आसान नहीं होता। दर्शक जोश में आ जाते हैं और फिर आप पर दबाव और भी बढ़ जाता है।’’ जोकोविच ने कहा, ‘‘लेकिन कुल मिलाकर यह एक अच्छा मैच था जिसका हिस्सा बनना अच्छा लगा। 39 साल की उम्र में तीन घंटे तक खेलना। सब कुछ वैसा ही रहा जैसा डॉक्टर ने सलाह दी थी।’’

अपने 39वें जन्मदिन के ठीक दो दिन बाद कोर्ट पर कदम रखते ही जोकोविच ने पुरुषों में सबसे अधिक ग्रैंड स्लैम खेलने का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने रोजर फेडरर और फेलिसियानो लोपेज़ को पीछे छोड़ा। जोकोविच ने उन 82 ग्रैंड स्लैम में से रिकॉर्ड 24 जीते हैं। जोकोविच रिकॉर्ड 22वीं बार फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल में खेल रहे हैं। इस तरह से उन्होंने फ्रांसीसी खिलाड़ी रिचर्ड गैस्केट और एंटोनी जेंटियन की बराबरी कर ली है। वह यहां पिछले 20 टूर्नामेंट में से 19 में कम से कम क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे हैं। उन्होंने 2016, 2021 और 2023 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता।

जोकोविच फ्रेंच ओपन के पहले दिन जीत हासिल करने वाले अकेले उम्रदराज खिलाड़ी नहीं थे। मार्को ट्रुंगेलिटी ने किरियन जैकेट को 6-4, 6-2, 6-2 से हराया। ट्रुंगेलिटी 36 वर्ष की उम्र में हाल ही में पेशेवर युग (1969 से) में रैंकिंग के शीर्ष 100 में जगह बनाने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बने थे। महिला वर्ग में 36 वर्षीय खिलाड़ी सोराना सिर्स्टिया ने 17 वर्षीय केसेनिया एफ्रेमोवा को 6-3 6-1 से हराया। सिर्स्टिया इस सप्ताह शीर्ष 20 में पदार्पण करने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं थी।

Published: undefined

क्या है क्वालीफायर-1, क्वालीफायर-2 और एलिमिनेटर मैच में अंतर?

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में 70 लीग मुकाबलों के बाद मंगलवार से प्लेऑफ मुकाबले शुरू होंगे। 26 मई को 'क्वालीफायर-1' खेला जाएगा, जिसके बाद 27 मई को 'एलिमिनेटर' मैच का आयोजन होगा। 29 मई को 'क्वालीफायर-2' खेला जाएगा और 'फाइनल' मैच 31 मई को आयोजित होगा। आइए, क्वालीफायर-1, क्वालीफायर-2 और एलिमिनेटर मैच के अंतर को समझते हैं।

क्वालीफायर-1: यह मैच लीग मुकाबलों में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों के बीच खेला जाता है। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 अंकों के साथ टॉप पर रही, जबकि गुजरात टाइटंस ने भी 18 ही अंक हासिल किए, लेकिन नेट रन रेट में मामूली अंतर के कारण यह टीम दूसरे स्थान पर रही। 26 मई को क्वालीफायर-1 धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जहां उसका सामना क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम से होगा। खिताबी मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। क्वालीफायर-1 जीतने वाली टीम के पास फाइनल में पहुंचने का एक और मौका होगा।

एलिमिनेटर: यह मैच 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच खेला जाएगा। एलिमिनेटर जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में प्रवेश करेगी। इस टीम को फाइनल तक पहुंचने के लिए एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 जीतने होंगे।

क्वालीफायर-2: यह मुकाबला भी न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। इस मैच में क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगी। क्वालीफायर-2 को अपने नाम करने वाली टीम फाइनल का अंतिम टिकट हासिल कर सकेगी।

इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2025), गुजरात टाइटंस (2022), सनराइजर्स हैदराबाद (2016) और राजस्थान रॉयल्स (2008) ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है। यह चारों टीमें एक-एक बार खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। यानी इस बार जो भी टीम टाइटल अपने नाम करेगी, वो उसका दूसरा आईपीएल खिताब होगा।

Published: undefined

IPL2026: क्वालीफायर-1 में RCB और GT की भिड़ंत

लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस (जीटी) से मुकाबला होगा। अगर आरसीबी को सीधे फाइनल में जगह बनानी है तो उसे आईपीएल के पहले क्वालीफायर में मंगलवार को धर्मशाला में गुजरात टाइटंस के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना करना होगा।दोनों टीमों ने 14 मैचों में 18 अंक के साथ लीग चरण के अपने अभियान का समापन किया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण आरसीबी शीर्ष स्थान पर रहा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स निस्संदेह आईपीएल 2026 की दो सबसे संपूर्ण टीमें रही हैं, हालांकि प्लेऑफ तक पहुंचने के लिए उन्होंने अलग-अलग रास्ते अपनाए हैं। रजत पाटीदार के नेतृत्व में आरसीबी ने आक्रामक बल्लेबाजी और पिछली प्रतियोगिताओं की तुलना में कहीं अधिक भरोसेमंद गेंदबाजी इकाई के दम पर अपना अभियान आगे बढ़ाया। आरसीबी को बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम में दिग्गज विराट कोहली के अनुभव और गेंदबाजी में जोश हेज़लवुड और भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन से काफी फायदा हुआ।

जहां तक गुजरात का सवाल है तो उसने अपने दमदार गेंदबाजी आक्रमण और शीर्ष क्रम के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाई है। उसकी बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, कौशल से परिपूर्ण साई सुदर्शन और विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ गुजरात की गेंदबाजी सबसे प्रभावशाली रही है। मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने नई गेंद से लगातार विकेट लिए हैं, वहीं राशिद खान और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा है।

इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों टीम की मजबूती को देखते हुए यह मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined