
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड जाने वाली किसी भी टीम के लिए क्रिकेट कभी आसान नहीं रहा है। भारतीय टीम के साथ भी ऐसा ही है, लेकिन टी20 सीरीज में टीम इंडिया के प्रदर्शन को देखते हुए वनडे सीरीज के रोमांचक होने की उम्मीद है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 123 वनडे मैच खेले गए हैं। इसमें 63 मैच भारतीय टीम जीती है, जबकि 52 मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है। 7 मैचों का परिणाम नहीं आया है, जबकि 1 मैच टाई रहा है।
न्यूजीलैंड में वनडे में भारतीय टीम का रिकॉर्ड खराब रहा है। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड में 45 वनडे खेले हैं, जिसमें सिर्फ 14 मैचों में जीत मिली है। 26 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। 1 मैच टाई रहा है, जबकि 4 मैचों के परिणाम नहीं आए हैं।
भारत का न्यूजीलैंड में किसी एक वनडे में सर्वाधिक स्कोर 4 विकेट पर 392 रन है। 8 मार्च 2009 को क्राइस्टचर्च में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम विजयी रही थी। भारत का न्यूजीलैंड में न्यूनतम वनडे स्कोर 92 रन है। टीम इंडिया का ये निराशाजनक प्रदर्शन 31 जनवरी 2019 को आया था।
न्यूजीलैंड ने अपनी सरजमीं पर भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 5 फरवरी 2020 को बनाया था। कीवी टीम ने 6 विकेट पर 348 रन बनाए थे।
भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर वेंकटापति राजू ने लेग स्पिनर कुलदीप यादव को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिलने से हैरान हैं। यह सीरीज न्यूजीलैंड ने 3-2 से अपने नाम की थी। राजू ने टीम मैनेजमेंट से अपील की है कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले कुलदीप को ज्यादा मैच खेलने का मौका दिया जाए।
मौजूदा टीम मैनेजमेंट के तहत पिछले 24 महीनों में भारत ने सेना (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में 35 मैच खेले हैं, जिनमें से कुलदीप सिर्फ 3 मुकाबलों में ही खेले।
बुधवार से शुरू होने वाली भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की तरफ से आयोजित एक वर्चुअल बातचीत में राजू ने आईएएनएस से कहा, "यह हैरान करने वाली बात है। हम सभी पूर्व क्रिकेटर हैं जो यहां बैठते हैं, कमेंट्री करते हैं और आपस में चर्चा करते हैं। जब आप कुलदीप को टीम में शामिल करते हैं तो फिर उसे खिलाते क्यों नहीं? हम सभी जानते हैं कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में रिस्ट-स्पिनर कितने अहम होते हैं, है ना? ऐसे में, जब वह तीनों फॉर्मेट की टीम में है लेकिन बेंच पर बैठा रहता है तो यह काफी हैरानी की बात है या तो आप उसे घरेलू क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि कोई भी स्पिनर हो – चाहे वह रिस्ट-स्पिनर हो या बाएं हाथ का स्पिनर – वह जितने ज्यादा मैच खेलेगा, उसका अपनी गेंदबाजी पर उतना ही बेहतर कंट्रोल होगा।"
आईपीएल की इस महीने के आखिर में होने वाली नीलामी से पहले पंजाब किंग्स तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बदले हरफनमौला हार्दिक पंड्या को खरीदने को लेकर मुंबई इंडियंस से बात कर रहा है।
हार्दिक 2024 सत्र में मुंबई इंडियंस में लौटे और लंबे समय से कप्तान रहे रोहित शर्मा की जगह उन्हें कप्तान बनाया गया। लेकिन उसके बाद से चीजें मुंबई के अनुकूल नहीं रही।
हार्दिक के कप्तान बनने के बाद से पांच बार की चैम्पियन टीम तीन सत्रों में दो बार प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी ।
हार्दिक के कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने की भी अटकलें थी लेकिन आईपीएल के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि वह पंजाब किंग्स का हिस्सा बन सकते हैं । रोहित को 2027 सत्र में फिर मुंबई का कप्तान बनाया जायेगा ।
सूत्र ने बताया ,‘‘ दोनों टीमें बात कर रहीं हैं । अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है लेकिन बातचीत चल रही है ।’’
बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को टीम में बनाये रखने (रिटेंशन) की तारीख बढाकर 17 नवंबर कर दी है जिससे दोनों टीमों के पास समय है ।
भारतीय ऑलराउंडर प्रेमा रावत ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के मैच में मंगलवार को यहां 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 50 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया।
उत्तराखंड की इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 357 रहा। उनकी इस पारी के दम पर उत्तराखंड ने हैदराबाद को 89 रन से हराया।
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के नाम है, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ 15 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि लगातार क्रिकेट खेलने के कारण भारत के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाली पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में खिलाड़ियों पर थकान हावी हो सकती है।
भारत और न्यूजीलैंड ने इससे पहले पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेली थी, जिसमें मेजबान टीम 2-3 से हार गई थी। वनडे श्रृंखला के बाद दोनों देश दो टेस्ट मैच की श्रृंखला खेलेंगे। वनडे श्रृंखला 2027 में होने वाली विश्व कप की तैयारी को देखते हुए और 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
सैंटनर ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हम लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और मैचों के बीच में बहुत कम समय का अंतराल है। टी20 क्रिकेट में सफर और देर रात तक चलने वाले मैचों के कारण खिलाड़ी थोड़े थके हुए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत कम समय में लगातार क्रिकेट खेलने से वनडे श्रृंखला में थकान हावी हो सकती है। आप हमेशा अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना चाहते हैं, लेकिन वर्तमान समय में व्यस्त कार्यक्रम और दो मैच के बीच अंतराल बहुत कम होने के कारण ऐसा करना काफी मुश्किल है।’’
वन डे विश्व कप में अब एक साल से भी कम समय बचा हुआ है और 34 वर्षीय सैंटनर ने कहा कि यह टूर्नामेंट न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ियों के लिए अंतिम टूर्नामेंट हो सकता है जिनमें वह भी शामिल हैं।
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए