खेल

खेल: भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई 'एशियन गेम्स 2026' की शुरुआत और BCCI की चयन समिति में दिख सकते हैं नए चेहरे

ओपनिंग सेरेमनी के दौरान स्टेडियम रंग-बिरंगी रोशनी और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जगमगा उठा। रमेश पोवार और उत्तर प्रदेश के अनुभवी तेज गेंदबाज आशीष विंस्टन जैदी राष्ट्रीय जूनियर पुरुष चयन समिति में शामिल हो सकते हैं।

भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई 'एशियन गेम्स 2026' की शुरुआत
भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई 'एशियन गेम्स 2026' की शुरुआत  फोटो: IANS

भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई 'एशियन गेम्स 2026' की शुरुआत, मनु-पवन ने शान से लहराया 'तिरंगा'

नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में शनिवार को 20वें एशियन गेम्स का भव्य उद्घाटन हुआ। इस खास मौके पर पूरे एशिया के खिलाड़ी एक साथ जुटे और महाद्वीप के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक की आधिकारिक शुरुआत हुई।

ओपनिंग सेरेमनी के दौरान स्टेडियम रंग-बिरंगी रोशनी और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जगमगा उठा। संगीत और उत्साह के माहौल में कुछ समय के लिए मेडल और मुकाबलों की चर्चा पीछे छूट गई, जबकि खिलाड़ियों और दर्शकों ने इस ऐतिहासिक पल का भरपूर आनंद लिया।

जापान के सम्राट नारुहितो ने आइची-नागोया में महाद्वीपीय खेल आयोजन के 20वें संस्करण की शुरुआत की घोषणा की। इसके साथ ही उस कार्यक्रम का औपचारिक आगाज हुआ जिसमें अगले दो हफ्तों में हजारों एथलीट हिस्सा लेंगे। भारत के लिए इस शाम का अपना ही रंग था। स्टेडियम में भारतीय दल की अगुवाई दो बिल्कुल अलग खेल जगत के एथलीट्स ने की — ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और कबड्डी स्टार पवन सहरावत। हाथ में ऊंचा तिरंगा लिए, यह जोड़ी उस दल का चेहरा बनी जो उम्मीदों और हांग्जो में एशियन गेम्स 2023 में भारत के रिकॉर्डतोड़ अभियान की यादों को साथ लेकर चल रहा था।

बीसीसीआई की जूनियर पुरुष चयन समिति में दिख सकते हैं नए चेहरे, रमेश पोवार-आशीष जैदी की एंट्री के संकेत

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रमेश पोवार और उत्तर प्रदेश के अनुभवी तेज गेंदबाज आशीष विंस्टन जैदी राष्ट्रीय जूनियर पुरुष चयन समिति में शामिल हो सकते हैं। 24 अगस्त को बीसीसीआई ने इस समिति में पांच पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 सितंबर थी।

 एक तरफ भारत की अंडर-19 पुरुष टीम राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है। वहीं, दूसरी ओर अगली जूनियर चयन समिति बनाने की प्रक्रिया भी तेजी पकड़ रही है।

नई समिति, तमिलनाडु के पूर्व क्रिकेटर एस. शरथ की अध्यक्षता वाली मौजूदा समिति की जगह लेगी। मौजूदा समिति में राणादेब बोस (ईस्ट जोन), हरविंदर सिंह सोढ़ी (नॉर्थ जोन), पथिक पटेल (वेस्ट जोन) और कृष्ण मोहन (सेंट्रल जोन) शामिल हैं।

 शनिवार को सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "पोवार और जैदी ने समिति का हिस्सा बनने के लिए आवेदन किया है। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो पोवार नए मुख्य जूनियर चयनकर्ता और वेस्ट जोन के प्रतिनिधि बन सकते हैं, जबकि जैदी सेंट्रल जोन से जूनियर चयनकर्ता बन सकते हैं।"

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बांग्लादेश टीम का ऐलान, तस्कीन अहमद को आराम, हृदय की हुई वापसी

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद को इस टेस्ट के लिए आराम दिया गया है। 

दोनों टीमों के बीच यह टेस्ट मुकाबला 9 से 13 अक्टूबर तक खेला जाना है। तस्कीन के अलावा, विकेटकीपर बल्लेबाज अमिते हसन को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है। जेक अली और तौहीद हृदय की टीम में वापसी हुई है। हृदय का प्रदर्शन साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार रहा था। उन्होंने 350 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए इतिहास रचा था।

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए बांग्लादेश की 15 सदस्यीय टीम: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), तंजीद हसन, शादमान इस्लाम, सौम्या सरकार, मोमिनुल हक शोराब, मुश्फिकुर रहीम, लिटन दास, तौहीद हृदोय, जेकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, हसन महमूद, सैयद खालिद अहमद, एबादोत हुसैन चौधरी और शोरफुल इस्लाम।

युगल में शानदार वापसी के बाद नागल हारे, कोरिया ने भारत को 3-1 से हराया

 दक्षिणेश्वर सुरेश और एन श्रीराम बालाजी ने युगल मैच जीतने के बाद भारत की कोरिया के खिलाफ डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले में उम्मीदें जीवंत रखी लेकिन सुमित नागल पहले उलट एकल के मैच में सूनवू क्वोन से हार गए। इस तरह से कोरिया ने 3-1 से जीत हासिल करके यह मुकाबला अपने नाम कर दिया।

दक्षिणेश्वर और बालाजी ने युगल मुकाबले में जीत हासिल करके भारत की उम्मीद जगाई जिसके बाद नागल को करो या मरो वाले मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की जरूरत थी, लेकिन भीषण गर्मी में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्हें कोरिया के नंबर एक खिलाड़ी क्वोन से 1-6, 2-6 से हार का सामना करना पड़ा।

मुकाबले के पहले दिन शुक्रवार को दोनों एकल मैच गंवाने के कारण 0-2 से पिछड़ने के बाद भारत को कुछ अलग करने की जरूरत थी। उसने निकी पूनाचा की जगह दक्षिणेश्वर को बालाजी के साथ कोर्ट पर उतारा और उसका यह फैसला सही साबित हुआ।

इन दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उई-सुंग पार्क और जी-सुंग नाम को 6-3, 3-6, 6-3 से हराया।

रचिन रविंद्र का भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलना संदिग्ध

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने के प्रयास में चोटिल हो गए और उनका भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलना संदिग्ध है।

रचिन के कंधे में चोट लगी है। शुक्रवार को उनकी चोट का आकलन किया गया जो गंभीर नहीं है लेकिन चोट से उबरने की प्रक्रिया के दौरान उनकी प्रगति से ही पता चल पाएगा कि वह कब तक वापसी कर पाएंगे।

न्यूजीलैंड 22 अक्टूबर से एक नवंबर तक पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि यह अब भी ‘अस्पष्ट’ है कि रविंद्र सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए