खेल

खेल: टीम इंडिया के चयन से पहले विराट का फिटनेस टेस्ट होगा और वेदा कृष्णमूर्ति ने किया जेमिमा रोड्रिग्स का बचाव किया

इंग्लैंड वनडे सीरीज में विराट कोहली के खेलने की संभावना है, लेकिन उन्हें टीम चयन से पहले फिटनेस टेस्ट देना होगा। वेदा कृष्णमूर्ति ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष कर रहीं भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स का बचाव किया है।

टीम इंडिया के चयन से पहले विराट का फिटनेस टेस्ट होगा
टीम इंडिया के चयन से पहले विराट का फिटनेस टेस्ट होगा 

इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के चयन से पहले विराट कोहली का फिटनेस टेस्ट होगा, हार्दिक ने भी शुरू की ट्रेनिंग 

भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 14 से 19 जुलाई तक 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को इस सीरीज के भारतीय टीम का चयन करना है। इंग्लैंड वनडे सीरीज में विराट कोहली के खेलने की संभावना है, लेकिन उन्हें टीम चयन से पहले फिटनेस टेस्ट देना होगा। कोहली की फिटनेस जांच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में होगी।

विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रन की पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत दिलायी थी। इसी मैच के दौरान विराट को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। इंजरी के कारण विराट को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहना पड़ा। 

 विराट फिलहाल लंदन में रिहैब कर रहे हैं। आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक, कोहली बहुत जल्द अपनी फिटनेस जांच के लिए बीसीसीआई सीओई में रिपोर्ट करेंगे। फिटनेस टेस्ट पास होने के बाद विराट को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका दिया जा सकता है। 

 अफगानिस्तान सीरीज से बाहर रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के बारे में खबर यह है कि उन्होंने बीसीसीआई सीओई में फिर से ट्रेनिंग शुरू कर दी है। पांड्या फिलहाल हल्की ट्रेनिंग कर रहे हैं, लेकिन अगले दो दिनों में उनकी ट्रेनिंग को धीरे-धीरे कठोर बनाया जाएगा। उनकी मेडिकल रिपोर्ट सीओई मेडिकल टीम के जरिए बीसीसीआई को देगी। उसी आधार पर चयनकर्ता इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए हार्दिक के चयन पर फैसला करेंगे।

Published: undefined

पिछले मैच का खिलाड़ियों के शरीर पर असर पड़ा, सभी ने अपनी जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग की: अर्शदीप सिंह

भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने स्वीकारा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच के दौरान लखनऊ में गर्मी के बीच खिलाडियों के शरीर पर असर पड़ा था। सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच के लिए सभी ने अपनी जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग की।

अर्शदीप ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच से पहले ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "सीरीज से पहले ही तैयारी हो चुकी थी। हम एक टीम के तौर पर अपनी प्रकिया का अच्छी तरह से पालन कर रहे थे। हमें अपने शरीर का भी ध्यान रखना था। पिछले मैच का हमारे शरीर पर असर पड़ा था।

उन्होंने कहा, "वहां बहुत गर्मी और उमस थी और हमें पता था कि यहां प्रैक्टिस के दौरान भी गर्मी होगी। इसलिए, हमने अपने शरीर का अच्छे से ध्यान रखा। कुछ खिलाड़ी आए, कुछ नहीं आए, कुछ रिकवर हुए, कुछ ने ट्रेनिंग की। सभी ने अपनी जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग की।"

अर्शदीप ने गर्मी और उमस भरे मौसम के बावजूद खिलाड़ियों को खेलने के लिए तैयार रखने का श्रेय बैकरूम स्टाफ को देते हुए कहा, "इसका काफी हद तक श्रेय स्पोर्ट्स साइंस टीम को जाता है और जिस तरह से फिजियो और ट्रेनर हमें गेम के लिए तैयार होने में मदद करते हैं।

Published: undefined

महिला टी20 विश्व कप: वेदा कृष्णमूर्ति ने किया जेमिमा रोड्रिग्स का बचाव, बोलीं- वह सिर्फ एक बड़ी पारी से दूर

भारत की पूर्व बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष कर रहीं भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स का बचाव किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले में जेमिमा दमदार प्रदर्शन करेंगी।

पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में जेमिमा सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौटी थीं, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ वह 19 रन ही बना सकी थीं। कृष्णमूर्ति ने 'जियोस्टार' पर कहा, "आप इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक जेमिमा रोड्रिग्स के प्रदर्शन को लेकर ज्यादा परेशान नहीं हो सकते। वह इतनी अच्छी खिलाड़ी हैं कि उन्हें कुछ मैचों के आधार पर जज नहीं किया जा सकता। वह जानती हैं कि इस अभियान में उन्हें बड़ा रोल निभाना है। यह सिर्फ आत्मविश्वास की बात है।”

उन्होंने साल 2025 में हुए वनडे वर्ल्ड कप में रोड्रिग्स के शानदार प्रदर्शन को उनकी क्वालिटी का सबूत बताया। उन्होंने कहा, "हां, टी20 विश्व कप में उनके नंबर बहुत अच्छे नहीं रहे हैं, लेकिन उन्होंने 50 ओवर के वर्ल्ड कप में खुद को साबित किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ पारी और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मैच जिताने वाली पारी ने दिखाया कि वह क्या कर सकती है।”

Published: undefined

एआईएफएफ ने अपना नाम बदलकर ‘फुटबॉल फेडरेशन ऑफ भारत’ करने का प्रस्ताव रखा

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शनिवार को अपना नाम बदलकर ‘फुटबॉल फेडरेशन ऑफ भारत’ (एएफबी) करने के लिए खेल मंत्रालय से संपर्क करने का फैसला किया। यह फैसला यहां हुई विशेष आम सभा में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद लिया गया।

एआईएफएफ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पीटीआई को बताया कि नाम बदलने का काम खेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद ही होगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासंघ विश्व संचालन संस्था फीफा से भी मंजूरी लेगा।

चौबे ने कहा, ‘‘यह प्रस्ताव (नाम बदलने का) खेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। यह एक प्रक्रिया है और यह प्रक्रिया आज शुरू हो गई है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मंत्रालय मंजूरी नहीं देता है, या उनकी कोई और राय होती है तो फिर कोई सवाल ही नहीं उठता। अगर मंत्रालय मंजूरी देता है, तो हम इसे आम सभा के समक्ष रखेंगे। फिर हम इसे फीफा को भेजेंगे। यह इस प्रक्रिया का दूसरा हिस्सा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें कई मंजूरियों की जरूरत है, फीफा की मंजूरी, मंत्रालय की मंजूरी, लेकिन कहीं न कहीं से तो शुरुआत करनी ही होती है। तो यह एक शुरुआत है। ’’

Published: undefined

स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में खेल सकते हैं नेमार

स्टार स्ट्राइकर नेमार पिंडली की चोट से उबरने के बाद विश्व कप फुटबॉल में ब्राजील के स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाले अंतिम ग्रुप मैच में खेल सकते हैं। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने यह जानकारी दी।

नेमार चोट के कारण पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे। उनकी अनुपस्थिति में ब्राजील ने मोरक्को के खिलाफ पहला मैच 1-1 से ड्रॉ खेला था जबकि उसने दूसरे मैच में हैती को 3-0 से हराया।

एंसेलोटी ने कहा कि नेमार सोमवार को टीम के साथ अभ्यास करेंगे और स्कॉटलैंड के खिलाफ बुधवार को होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 79 गोल किए हैं जो ब्राजील की तरफ से रिकॉर्ड है। उन्होंने अभी तक ब्राज़ील की टीम के साथ पूरे अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया है। वह 17 मई को ब्राजील के क्लब सैंटोस के लिए खेलते समय चोटिल हो गए थे।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined