
‘वायु’ तूफान गुरूवार को गुजरात तट से टकराने की उम्मीद है। इससे पहले आज से ही तटीय इलाकों में ‘वायु’ तूफान का असर दिखने लगा है। मंगलवार को सोमनाथ जिले में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने लगी हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ‘वायु’ तूफान 13 जून को सुबह 3 से 4 बजे के बीच गुजरात के तट से टकराएगा। जब यह तूफान गुजरात के तट से टकराएगा तो उस वक्त इसकी रफ्तार करीब 165 किमीटर तक हो सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की भी आशंका जताई है।
वायु तूफान को लेकर पीएम मोदी ट्वीट किया है कि केंद्र सरकार साइक्लोन वायु के प्रभाव पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा है कि मैं एनडीआरएफ की टीम और अन्य सहायता एजेंसियों के संपर्क में हूं, वे हरपल लोगों की मदद में जुटे हुए हैं।
गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) ने 10 प्रभावित क्षेत्रों से शाम 4 बजे तक कुल 1,64,090 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया है।
वायु तूफान के चलते विमान और रेल सेवा भी प्रभावित हो रही हैं। गुरुवार के लिए अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से पोरबंदर, दियु, कंडला, मुंद्रा और भावनवगर जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
दूसरी ओर आज शाम 6 बजे से गुरुवार सुबह तक वेरावल, ओखा, पोरबंदर, भावनगर, भुज और गांधीधाम स्टेशन जाने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं हर स्टेशन पर लोगों को सुरक्षित बचाने के लिए एक विशेष रेल की व्यवस्था की गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए