अर्थतंत्र

Diwali Muhurat Trading 2026: दिवाली पर आज खुलेगा शेयर बाजार, जानें मुहूर्त ट्रेडिंग का पूरा टाइम-टेबल

दिवाली पर NSE और BSE में एक घंटे के विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के दौरान शेयर बाजार में कारोबार होगा, जिसका समय सामान्य कारोबारी दिनों से अलग रखा गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • दिवाली पर लक्ष्मी पूजन के मौके पर रविवार को NSE और BSE में एक घंटे की मुहूर्त ट्रेडिंग होगी।

  • विशेष कारोबारी सत्र दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा, जबकि डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग 3:40 बजे तक होगी।

  • शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत BSE ने 1957 में की थी और NSE 1992 से यह परंपरा निभा रहा है।

  • संवत 2083 की शुरुआत के साथ निवेशक इस शुभ मौके पर प्रतीकात्मक रूप से एक शेयर खरीदकर भी परंपरा का हिस्सा बन सकते हैं।

दिवाली पर लक्ष्मी पूजन के खास मौके पर रविवार को शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन होगा। आमतौर पर रविवार को बंद रहने वाले NSE और BSE इस परंपरा के तहत कुछ समय के लिए कारोबार के लिए खुलेंगे। आज 8 नवंबर को विशेष ट्रेडिंग सेशन दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा। इसी के साथ नए हिंदू वित्तीय वर्ष संवत 2083 की शुरुआत होगी। निवेशकों के लिए यह सत्र सिर्फ खरीद-बिक्री का मौका नहीं, बल्कि शुभ शुरुआत से जुड़ी एक पुरानी परंपरा भी है।

70 साल पुरानी है मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा

शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत BSE ने साल 1957 में की थी, जबकि NSE साल 1992 से लगातार इसका आयोजन कर रहा है। पारंपरिक कारोबारी इसे 'चोपड़ा पूजन' यानी खाता-बही की पूजा का आधुनिक रूप मानते हैं। पहले व्यापारी दिवाली पर लक्ष्मी पूजन के साथ अपनी नई लाल बही-खातों की पूजा करते थे। इन्हें 'चोपड़ा' कहा जाता था।

डिजिटल दौर में यह परंपरा भी बदल गई है। अब कारोबारी और निवेशक अपने ट्रेडिंग टर्मिनल, लैपटॉप या मोबाइल स्क्रीन पर स्वास्तिक बनाकर या तिलक लगाकर पूजा करते हैं और इसके बाद पहला ट्रेड करते हैं। इस तरह मुहूर्त ट्रेडिंग पारंपरिक पूजा और आधुनिक वित्तीय कारोबार का एक खास मेल बन गई है।

मुनाफे से ज्यादा शगुन का महत्व

मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान निवेशकों को मुनाफे की उम्मीद तो रहती है, लेकिन इस मौके पर शगुन का महत्व उससे भी ज्यादा माना जाता है। मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में किया गया निवेश पूरे साल समृद्धि और बरकत लेकर आता है। इसी वजह से कई लोग इस दिन सिर्फ एक शेयर खरीदकर भी इस परंपरा में शामिल होते हैं।

पिछले वर्षों में मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार आमतौर पर बढ़त के साथ बंद हुआ है। हालांकि, कारोबार का समय कम होने के कारण शेयरों की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल सकता है।

मुहूर्त ट्रेडिंग 2026: यहां देखें पूरा टाइम-टेबल

रविवार को होने वाली मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए NSE और BSE ने अलग-अलग कारोबारी चरणों का समय तय किया है। निवेशक इस समय-सारणी के मुताबिक अपने ट्रेड की तैयारी कर सकते हैं।

  • ब्लॉक डील सेशन: दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक

  • प्री-ओपन सेशन: दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक

  • सामान्य मार्केट ट्रेडिंग: दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक

  • F&O (डेरिवेटिव्स) ट्रेडिंग: दोपहर 2:20 बजे से 3:40 बजे तक

  • क्लोजिंग ऑक्शन सेशन: दोपहर 3:20 बजे से 3:30 बजे तक

  • पोस्ट-क्लोज सेशन: शाम 3:50 बजे से 4:00 बजे तक  

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए