मनोरंजन

सिनेजिवनः 'मिस प्रिटी इंडिया' रह चुकी निधि तिवारी की संदिग्ध हालत में मौत और परिणीति बनेंगी फील्ड रिपोर्टर

महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर सोमवार को अभिनेता जैकी श्रॉफ और गायक नितिन मुकेश समेत कई कलाकारों ने श्रद्धांजलि दी। अभिनेता रोहित रॉय मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज 'चुंबक' के आगामी एपिसोड में 'रोनित रॉय चौधरी' के किरदार में नजर आएंगे।

'मिस प्रिटी इंडिया' रह चुकी निधि तिवारी की संदिग्ध हालत में मौत और परिणीति बनेंगी फील्ड रिपोर्टर
'मिस प्रिटी इंडिया' रह चुकी निधि तिवारी की संदिग्ध हालत में मौत और परिणीति बनेंगी फील्ड रिपोर्टर फोटोः IANS

'मिस प्रिटी इंडिया' रह चुकी निधि तिवारी की संदिग्ध मौत

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर निधि तिवारी की घर में मौत हो गई। 30 साल की निधि का शव शनिवार को भूसा मोड़ स्थित उनके घर में मिला। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उनकी मौत से पहले की परिस्थितियों को समझने के लिए परिवार से मिली जानकारी और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। निधि की मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।

परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया है कि शनिवार शाम निधि फोन पर किसी से बातचीत कर रही थीं। परिवार का दावा है कि बातचीत के बाद उसने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया था। पोस्ट में लिखा था, "इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया। इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं। खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को।"

बताया जा रहा है कि फेसबुक पोस्ट के बाद निधि अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब परिवार के लोग उनसे मिलने पहुंचे तो उन्होंने खाना खाने से भी इनकार कर दिया और खुद को अकेला छोड़ने के लिए कहा। अगले दिन काफी देर तक जब निधि ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फिलहाल परिवार की ओर से सामने रखी गई फोन बातचीत से जुड़ी जानकारी के साथ-साथ निधि की मौत से पहले की घटनाओं और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, निधि एक्टिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थीं। इस सपने को पूरा करने के लिए वह मॉडलिंग करती थीं और लगातार डिजिटल कंटेंट भी बनाती थीं। सोशल मीडिया के जरिए वह अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही थीं और उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग भी थी। निधि ने साल 2024 में 'मिस प्रिटी इंडिया' का खिताब भी जीता था। सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी लगातार बढ़ रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, फेसबुक पर उनके करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 7 लाख फॉलोअर्स थे। दोनों प्लेटफॉर्म मिलाकर उनके करीब 16 लाख फॉलोअर्स थे।

परिणीति 'रिपोर्टिंग लाइव' में खोलेंगी रेत माफिया का राज

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा इन दिनों लगातार अलग-अलग तरह के प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों के बीच अपनी जगह बना रही हैं। हाल ही में उन्होंने स्ट्रीमिंग सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' से ओटीटी पर कदम रखा और अब एक ऐसी फिल्म लेकर आ रही हैं, जिसकी कहानी पत्रकारिता, अपराध और अवैध रेत खनन की दुनिया के इर्द-गिर्द घूमेगी। फिल्म का नाम 'रिपोर्टिंग लाइव' है, जिसमें परिणीति एक फील्ड रिपोर्टर के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में उनके साथ शेखर सुमन, अमोल पालेकर, देवेन भोजानी और आदिल हुसैन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

'रिपोर्टिंग लाइव' की कहानी एक ऐसी रिपोर्टर की है, जो एक बड़ी स्टोरी की तलाश में अवैध रेत खनन के उस नेटवर्क तक पहुंचती है, जिसे एक खतरनाक रेत माफिया हर हाल में छिपाकर रखना चाहता है। जैसे-जैसे रिपोर्टर इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश करती है, उसके सामने अपराध की एक ऐसी दुनिया खुलती जाती है, जहां सच को सामने लाना आसान नहीं है। फिल्म में इसी जांच, खतरे और सच की तलाश को थ्रिलर अंदाज में दिखाया गया है। परिणीति फिल्म में एक फील्ड रिपोर्टर की भूमिका निभा रही हैं। यह किरदार उनके लिए इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि कहानी में रिपोर्टर सिर्फ खबर कवर करने वाली एक पत्रकार नहीं है, बल्कि वह लगातार एक ऐसे सिस्टम के खिलाफ आगे बढ़ती है, जो अपने अपराधों को छिपाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

फिल्म की कहानी में आम लोगों को भी अहम जगह दी गई है। फिल्म का निर्देशन ध्रुव त्रिपाठी ने किया है और उन्होंने मिहिर जाधव के साथ मिलकर इसकी कहानी लिखी है। फिल्म की प्रोड्यूसर पार्थ किरण ठाकुर ने 'रिपोर्टिंग लाइव' को लेकर कहा, ''फिल्म की कहानी और इसे बड़े स्तर पर पर्दे पर उतारने, दोनों में काफी कुछ दांव पर लगा हुआ था। टीम के पास शुरुआत से ही फिल्म को लेकर एक साफ विजन था और इसे इतने मजबूत कलाकारों के साथ पूरा होते देखना मेरे लिए बेहद संतोषजनक रहा। अलग-अलग पीढ़ियों के कलाकारों को एक साथ लाना फिल्म के सबसे खास पहलुओं में से एक है।'' उन्होंने कहा, ''परिणीति चोपड़ा और देवेन भोजानी दोनों कलाकार पहली बार एक ऐसी ऑन-स्क्रीन जोड़ी में नजर आएंगे, जिसे दर्शकों ने पहले नहीं देखा है। दोनों के किरदार भी उनके पिछले काम से काफी अलग हैं।'' 'रिपोर्टिंग लाइव' फिल्म को पार्थ किरण ठाकुर और जोशुआ शिरसाथ ने प्रोड्यूस किया है। यह 9 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

लता मंगेशकर की जयंती पर बॉलीवुड ने दी श्रद्धांजलि

महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर सोमवार को अभिनेता जैकी श्रॉफ और गायक नितिन मुकेश ने श्रद्धांजलि दी। गायक नितिन मुकेश ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर गायिका लता मंगेशकर की तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "हर पल मैं आपको सामने से सुनने के लिए तरसता हूं। जब तक हम फिर से नहीं मिलते, तब तक भगवान भी आपके संगीत का आनंद लें।" अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर लता मंगेशकर की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "लता जी आप हमारे दिलों में हमेशा रहेंगी।" गायक रूप कुमार राठौड़ ने लता मंगेशकर की जयंती पर इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने उनकी आवाज को सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों के लिए एक एहसास बताया।

एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए रूप कुमार राठौड़ ने लिखा, "भारत रत्न लता मंगेशकर जी को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। उनकी आवाज सिर्फ संगीत से बढ़कर थी। यह एक ऐसा एहसास था जिसने पीढ़ियों को छुआ और जो आज भी लाखों दिलों में जिंदा है। एक ऐसी कालजयी लीजेंड, जिनकी आवाज हमेशा भारत की आत्मा का हिस्सा रहेगी। सितारों में आपको जन्मदिन की शुभकामनाएं, लता जी। आपकी आवाज हमेशा जिंदा रहेगी।"

गायक कुमार सानु ने लता मंगेश्कर की जयंती पर उन्हें याद करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, "लता दीदी… आपकी आवाज ने हर दिल को छुआ और भावनाओं को शब्दों से परे एक मतलब दिया। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि मैं आपको सुनते हुए बड़ा हुआ, आपसे सीखा और आपके साथ गाने का सम्मान हासिल किया। आपके साथ एक ही दौर में रहना और आपके साथ गानों में अपनी आवाज दे पाना, एक ऐसी याद है जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा। आपकी सादगी, पवित्रता और आपका संगीत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। आप भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी आवाज हमारे दिलों में और हमारे गाए हर सुर में हमेशा जिंदा रहेगी।"

'चुंबक' में रॉकस्टार बनकर धमाल मचाएंगे रोहित रॉय

निर्देशक आतिश कपाड़िया की मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज 'चुंबक' के आगामी एपिसोड में अभिनेता रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' के किरदार में नजर आएंगे। सोमवार को अभिनेता ने सीरीज की तारीफ करते हुए अपने किरदार के बारे में बताया। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर सीरीज से जुड़े कुछ सीन्स की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें अभिनेता रोहित रॉय एक रॉकस्टार और नीना गुप्ता के प्रेमी के रोल में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने पोस्ट शेयर कर लिखा, "अभी तो आपने रोनित रॉय चौधरी (रोहित रॉय का किरदार) की सिर्फ झलक देखी है! पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त!! चुंबक के नए एपिसोड में एक अलग तरह का रॉकस्टार आ रहा है। अगर आपने अभी तक पहले 8 एपिसोड नहीं देखे हैं तो देख लीजिए, ताकि आप बाकी के एपिसोड का मजा ले सकें। मेरे लिए नहीं, बल्कि कमाल के आतिश कपाड़िया के लिए, जिन्होंने इस बिल्कुल पागलपन भरी कहानी को लिखा और डायरेक्ट किया है।"

इस सीरीज में रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' नाम का एक दिलचस्प किरदार निभा रहे हैं। कहानी में उनका ट्रैक अभिनेत्री नीना गुप्ता के किरदार (रजनी मर्चेंट) के साथ जुड़ा हुआ है, जो कहानी में ट्विस्ट लेकर आएगा। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'चुंबक' एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जो मुंबई के एक पुराने और मिलनसार पड़ोस के माहौल को दिखाती है। सीरीज में दिखाया गया है कि जहां पड़ोसी एक-दूसरे के मामलों में दखल तो देते हैं, लेकिन मुसीबत के समय परिवार की तरह साथ भी खड़े होते हैं। मुख्य कहानी रजनी (नीना गुप्ता) और उनके पति कुकू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक अजीब स्थिति में तलाक लेने का फैसला करते हैं। इसके अलावा, कॉलोनी के अन्य परिवारों के ड्रामे, हंसी-मजाक और रोजमर्रा की समस्याएं इस कहानी को और दिलचस्प बनाती हैं।

आतिश कपाड़िया द्वारा निर्देशित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'चुंबक' में देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, संदीपा धर, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार जैसे कई कलाकार हैं। यह शो 10 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है। वेब सीरीज 'चुंबक' में कुल 16 एपिसोड हैं, जिन्हें दो भागों में रिलीज किया जा रहा है। पहला भाग 10 सितंबर से स्ट्रीम हो रहा है, जिसमें 8 एपिसोड हैं। वहीं, दूसरा भाग 1 अक्टूबर को रिलीज होने वाला है। इसमें भी 8 एपिसोड हैं।

रेणुकास्वामी हत्याकांड में सरकारी गवाह बने प्रदोष दर्ज कराएंगे बयान

रेणुकास्वामी हत्याकांड में आरोपी से सरकारी गवाह बने प्रदोष सोमवार को बेंगलुरु की 59वीं सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट (सीसीएच) के सामने अपना बयान दर्ज कराएंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच कोर्ट में उनका बयान दर्ज किया जाएगा। कोर्ट प्रदोष का विस्तृत बयान अगले एक से दो दिनों में दर्ज कर सकती है। उनकी गवाही में कथित हत्या से पहले और उसके बाद हुई घटनाओं के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

मामले की संवेदनशीलता और प्रदोष को दर्शन के फैंस की ओर से कथित तौर पर मिल रही धमकियों को देखते हुए कोर्ट परिसर और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेंट्रल डीसीपी जोन की ओर से प्रदोष की सुरक्षा के लिए एक एसीपी, तीन पुलिस इंस्पेक्टर, आठ सब-इंस्पेक्टर और 40 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रदोष फिलहाल बेंगलुरु सेंट्रल जेल में बंद हैं। उन्हें कमाक्षीपाल्या पुलिस की सुरक्षा में कोर्ट लाया जाएगा। जेल प्रशासन के अधिकारी भी उनके साथ रहेंगे।

प्रदोष को इस मामले में शुरुआत में आरोपी नंबर 14 बनाया गया था। बाद में उन्होंने कोर्ट में 11 पन्नों की अर्जी दाखिल कर सरकारी गवाह बनने और दूसरे आरोपियों के खिलाफ अपना बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने उनकी अर्जी मंजूर कर ली थी। हालांकि, दर्शन के वकील ने इस फैसले को कर्नाटक हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन हाईकोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई नहीं की। सरकारी गवाह के तौर पर प्रदोष से कथित हत्या और उससे जुड़ी घटनाओं के बारे में विस्तार से पूछताछ की जाएगी। ट्रायल कोर्ट उनका बयान रिकॉर्ड करेगी। हालांकि, उनका क्रॉस-एग्जामिनेशन अभी नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने तय किया कि प्रदोष का क्रॉस-एग्जामिनेशन बाद में किया जाएगा और इसके लिए पहले मामले के मुख्य गवाह का क्रॉस-एग्जामिनेशन पूरा होना जरूरी होगा।

पुलिस ने कोर्ट को प्रदोष की जान को कथित खतरे के बारे में भी जानकारी दी है। इसके बाद कोर्ट ने निर्देश दिया है कि उन्हें जेल से कोर्ट लाने और सुनवाई के बाद वापस ले जाने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसी के तहत कोर्ट परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। रेणुकास्वामी हत्याकांड जून 2024 का मामला है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 35 वर्षीय रेणुकास्वामी, जो एक्टर दर्शन के फैन थे, का कथित तौर पर अपहरण किया गया, उनके साथ मारपीट की गई और फिर उनकी हत्या कर दी गई। बाद में उनका शव बेंगलुरु के कमाक्षीपाल्या इलाके में मिला था।