देश

साकेत गोखले के भाषण के बाद गृह मंत्री को उबरने के लिए एक दिन चाहिए था; राज्यसभा स्थगित होने पर डोला सेन का शाह पर तंज

डीएमके सदस्यों द्वारा परिसीमन के विरुद्ध नारे लिखी टीशर्ट पहन कर आने के बीच उच्च सदन की कार्यवाही आज कई बार स्थगित की गई और कोई कामकाज नहीं हो पाया। दोपहर दो बजे उच्च सदन की बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

राज्यसभा की कार्यवाही बृहस्पतिवार को किसी कामकाज के बिना स्थगित किए जाने के बीच तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने बृहस्पतिवार को चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी पार्टी के साकेत गोखले द्वारा बुधवार को उच्च सदन में दिए गए भाषण के बाद संभवत: गृह मंत्री अमित शाह को उबरने के लिए एक दिन चाहिए था।

डीएमके सदस्यों द्वारा परिसीमन के विरुद्ध नारे लिखी टीशर्ट पहन कर आने के बीच उच्च सदन की कार्यवाही आज कई बार स्थगित की गयी और कोई कामकाज नहीं हो पाया। दोपहर दो बजे उच्च सदन की बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी।

बुधवार को उच्च सदन में गृह मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा हुई थी। चर्चा की शुरुआत करते हुए गोखले ने गृह मंत्री और उनके मंत्रालय पर तीखी टिप्पणी की। उनके भाषण के दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों ने काफी टोका-टोकी की। भाषण के बीच स्वयं गृह मंत्री शाह, सदन के नेता जेपी नड्डा तथा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने हस्तक्षेप करते हुए गोखले की टिप्पणियों की आलोचना की।

गृह मंत्रालय के कामकाज पर तृणमूल की ओर से बोलने वाली दूसरी वक्ता डोला सेन हैं जिन्हें बृहस्पतिवार को बोलना था किंतु सदन में आज कोई कामकाज नहीं हो पाने के कारण उनका भाषण नहीं हो सका।

सेन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं अपने भाषण के साथ तैयार थी जिसमें गृह मंत्रालय की सात विफलताओं को उजागर किया जाना था। किंतु हो सकता है कि साकेत गोखले के बुधवार के भाषण के बाद अमित शाह को उबरने के लिए एक दिन का समय चाहिए था।’’

तृणमूल सांसद की बात से सहमति जताते हुए शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिस तरह से बुधवार को साकेत गोखले बोले, गृह मंत्री इतने नाराज हो गये कि उन्हें उबरने के लिए एक दिन की जरूरत थी, यही कारण था कि सदन को बार बार स्थगित किया गया।’’

उन्होंने कहा कि गोखले के भाषण की विपक्ष के कई सांसदों ने सराहना की।

गृह मंत्रालय के कामकाज पर उच्च सदन में चर्चा के दौरान गोखले ने शाह पर यह कहते हुए निशाना साधा कि उनके प्रश्न पूछने से पहले ही लगता है शाह डर गये हैं।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से, 46 लाख से अधिक छात्र देंगे परीक्षा

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: धनतेरस पर सोने और चांदी हुए सस्ते, कीमतें करीब 4,500 रुपए तक घटीं और शेयर बाजार में तूफानी तेजी

  • ,
  • Agnipath Scheme: कांग्रेस की हुंकार, ‘अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा के खिलाफ, इसे रद्द कर नियमित सैनिकों की भर्ती हो'

  • ,
  • अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अडानी के ऑपरेशन वाले नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट करने का विदेशी एयरलाइंस कर रहीं विरोध

  • ,
  • खेल की खबरें: निशानेबाजों की निराशा बरक़रार, टीम स्पर्धा में भी चूके और संकट में बांग्लादेशी क्रिकेट टीम