देश

जम्मू-कश्मीर: मौलाना आजाद रोड पर आतंकियों ने फेंका ग्रेनेड,18 लोग घायल, 1 की मौत, हमले का CCTV फुटेज आया सामने

हमला सुरक्षा बलों को निशाना बना कर किया गया, लेकिन सड़क पर ग्रेनेड गिरने से स्थानीय नागरिक इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हमले में 18 लोग घायल हुए हैं जिनमें 3 SSB जवान भी शामिल हैं। हमले का CCTV फुटेज सामने आया है। 15 दिन में यह दूसरा ग्रेनेड हमला है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोपोर के बाद अब जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के मौलाना आजाद रोड पर एक बाजार में ग्रेनेड हमला हुआ है। इस हमले में 18 लोगों के घायल होने की खबर है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि ग्रेनेड हमले में 3 एसएसबी के जवान और 15 नागरिक घायल हुए हैं। वहीं इस हमले में सहारनपुर के रहने वाले रिंकू सिंह नाम के व्यक्ति की मौत हो गई है। दो स्थानीय लोग एजाज और फैयाज अहमद की हालत गंभीर है। हमले का CCTV फुटेज सामने आया है। ग्रेनेड अटैक के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक ये हमला सुरक्षा बलों को निशाना बना कर किया गया, लेकिन सड़क पर ग्रेनेड गिरने की वजह से स्थानीय नागरिक इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जम्मू-कश्मीर में 15 दिनों के अंदर यह दूसरा ग्रेनेड हमला है।

इससे 28 अक्टूबर को दिवाली के एक दिन बाद भी जम्मू-कश्मीर के सोपोर में बस स्टैंड के पास ग्रेनेड हमला हुआ था। यह हमला भी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए किया गया था। इस हमले में एक महिला समेत 15 लोग घायल हुए थे। इसके अलावा श्रीनगर के करन नगर इलाके में आतंकियों ने सीआरपीएफ की एक टीम पर एक ग्रेनेड फेंक दिया था। जिसमें 6 जवान घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि हमला उस वक्त हुआ था जब सीआरपीएफ की 144वीं बटालियन की टीम एक नगर के व्यस्त काकासराय इलाके में जांच चौकी पर तैनात थी। इस दौरान आतंकियों ने गोलीबारी भी की थी।

18 अक्टूबर को भी सोपोर में ही आतंकियों ने सेब के एक ट्रक को आग के हवाले करने का प्रयास किया था, लेकिन स्थानीय नागरिकों के विरोध के चलते आतंकियों के मंसूबे सफल नहीं हो पाए थे। इसके बाद आतंकी वहां से भाग गए थे। इसके अलावा 21 अक्टूबर को शोपियां जिले में आतंकियों ने राजस्थान के एक ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सेब से भरा ट्रक जला दिया था।

बता दें कि 31 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को दो पुनर्गठित राज्यों में विभाजित किया गया था। इस दौरान दोनों राज्यों के लिए कई नए कानून बनाए गए। जबकि कई पुराने कानूनों में संशोधन हुआ है। 5 अगस्त को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाली धारा 370 के कई प्रावधानों को ख़त्म कर दिया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 04 Nov 2019, 2:35 PM IST

  • बांग्लादेश छोड़ने के बाद शेख हसीना का पहला लाइव संबोधन, कहा- छात्र आंदोलन राजनीत‍िक साज‍िश, स्वदेश लौटूंगी

  • ,
  • दुनिया की खबरें: लाल सागर में सऊदी जहाजों पर हमला तेज करेगा हूती समूह, तेल टैंकर पर मिसाइल अटैक की ली जिम्मेदारी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- प्रदर्शनकारी छात्रों का उत्पीड़न हुआ, ये भारत के भविष्य के लिए लड़े

  • ,
  • झारखंड में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 43.62 लाख नाम कटे, पात्र मतदाता 4 सितंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद और रुपया हुआ मजबूत