
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी के नाम पर स्थापित ‘राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार’ के लिए नामांकन आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह पुरस्कार वर्ष 2016 और 2017 के लिए होगा और किसी ऐसे व्यक्ति या संस्था को दिया जाएगा जिसने इन वर्षों में या संबंधित वर्षों से दो वर्ष पहले राष्ट्रीय सद्भावना के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान किया हो। इस पुरस्कार में एक प्रशस्ति-पत्र और दस लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है और इसे राजीव गांधी के जन्मदिन 20 अगस्त को प्रदान किया जाता है।
राजीव गांधी ने हिंसा और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष करते हुए और शांति-कौमी एकता की स्थापना के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। उनके इस अविस्मरणीय योगदान को जीवन्त रखने के लिये भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष ने ‘भारत छोड़ो आन्दोलन‘ के स्वर्ण-जयन्ती वर्ष में इस पुरस्कार की स्थापना की थी।
राजीव गांधी ने अपने जीवन के अल्पकाल में ही देश पर अपनी अमिट छाप छोड़ी । उनकी उज्ज्वल भविष्यदृष्टि, करिश्माई युवा नेतृत्व और जाति, वर्ग, रंग, भाषा और धर्म से ऊपर उठकर समाज में सद्भावना की स्थापना में उनके योगदान को न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में सराहा गया।
Published: 25 Jun 2018, 9:13 AM IST
अभी तक इस पुरस्कार से जिन विभूतियों को अलंकृत किया गया है, उनमें मदर टेरेसा, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां, मुहम्मद युनूस, हितेश्वर सैकिया और सुभद्रा जोशी (संयुक्त), लता मंगेशकर, सुनील दत्त, जेएन कौल, दिलीप कुमार, डॉ कपिला वात्स्यायन, तीस्ता शीतलवाड़ और हर्ष मन्दर (संयुक्त), एस.एन. सुब्बाराव, स्वामी अग्निवेश और मदारी मोईदीन (संयुक्त), केआर नारायणन, निर्मला देशपांडे, हेमदत्त, प्रो एन राधाकृष्णन, गौतम भाई, मौलाना वाहिदुद्दीन खां, स्पिक मैके, डॉ डीआर मेहता, उस्ताद अमजद अली खां, मुजफ्फर अली और शुभा मुद्गल के नाम शामिल हैं।
इस बार के पुरस्कार की सलाहकार समिति के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ कर्ण सिंह हैं। 7 जुलाई, 2018 तक नामांकन भरे जा सकते हैं। इस संबंध में ‘अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी-ट्रस्ट ऑफिस से प्रारूप और ज्यादा जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Published: 25 Jun 2018, 9:13 AM IST
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 25 Jun 2018, 9:13 AM IST