
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनका न्याय मंत्रालय उसके खिलाफ आक्रामक रुख अपना रहे हैं, जिससे आने वाले समय में दोनों पक्षों के बीच तीखा टकराव होने के संकेत मिल रहे हैं। इस बीच, डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद अगले साल सरकार के कार्यकारी अंग के कामकाज की व्यापक जांच करने की तैयारी कर रहे हैं।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि डेमोक्रेट पहले ही जांच संबंधी जो मांगें उठा चुके हैं, वे ‘‘उच्चतम स्तर की जबरन वसूली’’ हैं और इसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि डेमोक्रेट नेताओं के खिलाफ आपराधिक जांच संभव है।
ब्लांच ने कहा, ‘‘उन्हें प्रशासन के मौजूदा सदस्यों को खुलेआम धमकाने और कंपनियों को धमकाने की छूट नहीं दी जा सकती। राष्ट्रपति ट्रंप इस बात को लेकर बेहद चिंतित हैं और उन्हें होना भी चाहिए।’’
ब्लांच और कांग्रेस के डेमोक्रेटिक सदस्य पिछले सप्ताह हुए चुनावों के नतीजों के असर पर चर्चा करने के लिए रविवार को समाचार कार्यक्रमों में शामिल हुए थे।
अगले कार्यकाल में प्रतिनिधि सभा की शक्तिशाली निगरानी समिति के अध्यक्ष बनने वाले डेमोक्रेट सांसद रॉबर्ट गार्सिया, ट्रंप एवं उनके सहयोगियों के खिलाफ जांच की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट अब दबाव में नहीं आएंगे।
हालांकि, पार्टी के कुछ नेताओं ने आगाह किया है कि जांच के बजाय महंगाई और आम लोगों की जीवनयापन लागत कम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु खतरे से दुनिया को बचाने के लिए उसके खिलाफ युद्ध शुरू किया था, भले ही यह फैसला ‘‘लोगों को पसंद न आया हो।’’
रुबियो ने मंगलवार को हुए चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की। ईरान युद्ध को लेकर लोगों में असंतोष और पेट्रोल की कीमतों एवं अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों पर इसके असर के कारण डेमोक्रेटिक पार्टी को अमेरिकी संसद के दोनों सदन पर नियंत्रण हासिल करने में मदद मिली।
रुबियो से उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस की पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर की गई उस पोस्ट के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए मुख्य रूप से ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर रुबियो ने पत्रकारों से कहा कि ट्रंप ने ईरान के रूप में ‘‘एक वास्तविक खतरे’’ को पहचाना और उसे परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए कदम उठाए।
रुबियो ने पेरिस में जी7 (सात प्रमुख औद्योगिक देशों के समूह) के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले फ्लोरिडा में कहा, ‘‘उन्होंने इस खतरे से निपटने के लिए कदम उठाए। देश की सुरक्षा के लिए कठिन चुनौतियों का सामना करना जरूरी होता है। ऐसे फैसले भले ही लोगों को पसंद न आएं, लेकिन ये देशहित में आवश्यक होते हैं।’’
रुबियो ने आठ महीने से अधिक समय से जारी ईरान युद्ध का पुरजोर बचाव किया, जबकि मतदाताओं ने ऊर्जा की बढ़ती कीमतों सहित अपने घरेलू खर्च पर पड़े असर के लिए ट्रंप की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।
रुबियो की टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब उनके और वेंस के 2028 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इन टिप्पणियों से ईरान युद्ध को लेकर दोनों नेताओं के रुख में मतभेद भी सामने आए हैं।
ट्रंप ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि वेंस की बात सही थी, लेकिन उपराष्ट्रपति को यह भी स्पष्ट करना चाहिए था कि युद्ध शुरू करने का फैसला उचित था।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं आपको बता सकता हूं कि इतिहास में यह हमारे सबसे अच्छे फैसलों में से एक के रूप में दर्ज होगा, क्योंकि अगर ईरान के पास कभी परमाणु हथियार आ गया, तो वह पूरी दुनिया को तबाह कर देगा।’’ ईरान लंबे समय से कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।
संघर्ष समाप्त करने के लिए ट्रंप प्रशासन की कोई स्पष्ट रणनीति सामने नहीं आई है। पश्चिम एशिया में बड़े पैमाने पर फिर से लड़ाई शुरू होने की आशंका के बीच मध्यस्थ दोनों पक्षों के बीच बातचीत बहाल कराने की कोशिश कर रहे हैं। रुबियो ने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि हम किसी बड़ी सफलता के करीब हैं।’’
उन्होंने दोहराया कि ट्रंप कूटनीतिक समाधान चाहते हैं, लेकिन ‘‘बातचीत बहुत उपयोगी साबित नहीं हुई है, क्योंकि ईरान की मांगें न केवल अस्वीकार्य हैं, बल्कि कुछ मामलों में बेहद अनुचित, बेतुकी और अव्यावहारिक भी हैं।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए