दुनिया

नेपाल में अपनों का इंतजार जारी! अबतक 788 लोगों की मौत, 2500 से ज्यादा लापता, सामूहिक रूप से हो रहा शवों का अंतिम संस्कार

नेपाल में भीषण बाढ़ के पांच दिन बाद भी हालात गंभीर बने हुए हैं। 788 लोगों की मौत और 2,500 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है और अब तक 9,435 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

नेपाल में आई बाढ़ ने हजारों परिवारों को ऐसा दर्द दिया है, जिसका अंत फिलहाल नजर नहीं आ रहा। पांच दिन बाद भी राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। कई इलाकों में पानी दोबारा बढ़ने से मुश्किलें बढ़ गई हैं, तो दूसरी तरफ मलबे और सुरंगों के बीच जिंदगी की तलाश की जा रही है। अब तक 788 लोगों की मौत हो चुकी है और 2,500 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।

सबसे दर्दनाक स्थिति उन परिवारों की है, जो अभी भी अपने परिजनों के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। राहत अभियान के दौरान कई शव बरामद हुए हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। ऐसे में उनकी पहचान और जरूरी जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सामूहिक रूप से अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। परिवार अपने लापता लोगों की तलाश में अब भी जुटे हैं, इसलिए शवों की पहचान करना बचाव अभियान का अहम हिस्सा बन गया है।

कहीं नदी उफनी तो कहीं पुल बह गया

बाढ़ के बाद नेपाल में नदियों का बढ़ता जलस्तर नई परेशानी पैदा कर रहा है। भोटेकोशी नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं मध्य नेपाल में त्रिशूली नदी का बहाव इतना तेज हुआ कि करीब तीन घंटे में घ्यालचोक-चारौदी पुल बह गया।

लगभग 130 मीटर लंबा यह पुल गोरखा जिले के घ्यालचोक इलाके को पृथ्वी हाईवे से जोड़ता था। पुल के टूटने के बाद करीब 400 परिवारों का मुख्य संपर्क मार्ग बाधित हो गया है।

सुरंगों में फंसी जिंदगी को बचाने की सबसे बड़ी चुनौती

बाढ़ से प्रभावित हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगें अब सबसे मुश्किल रेस्क्यू जोन बनी हुई हैं। रसुवा के अपर त्रिशूली-1 प्रोजेक्ट में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए नेपाली सेना के साथ भारत, चीन और दक्षिण कोरिया के विशेषज्ञ काम कर रहे हैं।

भारतीय विशेषज्ञों की मदद से महज दो दिनों में करीब 250 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। बचाव दल सुरंग के अंदर लगभग तीन किलोमीटर तक पहुंचकर फंसे लोगों की तलाश कर रहा है। चिलिमे और लांगटांग में भी नेपाली सेना के साथ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।

नुवाकोट के अपर त्रिशूली-3ए प्रोजेक्ट में भी रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं है। सुरंग तक पहुंचने का रास्ता मलबे से बंद होने के कारण सेना के इंजीनियर नियंत्रित विस्फोटों के जरिए रास्ता साफ कर रहे हैं।

करीब 90 लोगों की टीम मौके पर लगातार काम कर रही है। इसमें सेना के जवानों के अलावा सशस्त्र पुलिस के स्निफर डॉग्स और नेपाल पुलिस के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। सुरंग के भीतर शुरुआत में सिर्फ दो बाई तीन फीट का रास्ता बनाया जा सका था। वहां से किसी तरह की आवाज या हलचल नहीं मिलने के बाद अब भारी मशीनों से रास्ता चौड़ा किया जा रहा है।

सड़कें टूटीं, गांवों का संपर्क कटा

रसुवा में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नदियों में गाद भर गई है और कई मकान ढह चुके हैं। चीन सीमा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह जाने से राहत सामग्री और बचाव दलों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

हालांकि, राहत टीमों ने करीब 150 मीटर सड़क को यातायात के लिए फिर खोल दिया है। बाकी हिस्से को दुरुस्त करने का काम जारी है। इसी क्षेत्र में हाइड्रोपावर सुरंगों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नेपाल में राहत अभियान बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। अब तक 9,435 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है। इसके लिए 394 हवाई उड़ानें संचालित की गईं, जिनमें रविवार की 72 उड़ानें भी शामिल हैं।

हाइड्रोपावर परियोजनाओं वाले इलाकों से 279 लोगों को सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं जमीन पर नेपाली सेना, पुलिस और सशस्त्र बल के 20,618 जवान राहत और बचाव अभियान में तैनात हैं।

मौत के आंकड़ों के बीच जारी है अपनों का इंतजार

नेपाल में पानी का प्रकोप कम होने का इंतजार तो है ही, लेकिन हजारों परिवारों के लिए असली इंतजार उन चेहरों का है जो अब तक घर नहीं लौटे हैं। 2,500 से ज्यादा लोगों के लापता होने के बीच हर बरामद शव उम्मीद और डर दोनों लेकर आ रहा है।

प्रशासन और बचाव दलों के सामने अब दोहरी चुनौती है-एक तरफ मलबे, पानी और बंद रास्तों के बीच लोगों को बचाना और दूसरी तरफ उन परिवारों को उनके अपनों के बारे में जानकारी देना, जो कई दिनों से सिर्फ एक खबर का इंतजार कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • 'राहुल गांधी डरने वाले नहीं', कुमारी सैलजा बोलीं- BJP-RSS की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ेगी कांग्रेस

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस के दो शूटर्स का एनकाउंटर, ईरान ने अमेरिकी MQ-9 ड्रोन मार गिराया

  • ,
  • अंकित बालियान हत्याकांड में एक्शन, शामली में पुलिस ने दो आरोपी को किया ढेर, दो पुलिसकर्मी भी हुए घायल

  • ,
  • कालका-शिमला रेल मार्ग पर भारी भूस्खलन: फंसी ट्रेन से 391 यात्रियों और 40 रेल कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: नेपाल की त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने से कुशीनगर में बाढ़ का खतरा, गंडक किनारे हाई अलर्ट