
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन द्वारा लगाए गए वीजा प्रतिबंधों के कारण, अफ्रीका की दो प्रतियोगी प्यूर्टो रिको में होने वाली इस साल की ‘मिस यूनिवर्स’ प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो पाएंगी, जबकि दो अन्य प्रतियोगी वीजा पाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।
जांबिया और कांगो गणराज्य के प्रतिनिधि इस महीने अमेरिका के क्षेत्र में होने वाली प्रतियोगिता से हट गए हैं, क्योंकि उन्हें वीजा नहीं मिल पाया। दक्षिण सूडान और जिम्बाब्वे की प्रतियोगियों को अब भी अपने वीजा का इंतजार है।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान जारी की गई घोषणाओं के तहत, अमेरिका ने दर्जनों देशों पर व्यापक यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं, जिनमें से कई देश अफ्रीका में हैं।
पिछले दिसंबर में, प्रशासन ने जांबिया और जिम्बाब्वे सहित कई अन्य देशों तक प्रतिबंधों का विस्तार किया, जबकि रिपब्लिक ऑफ कांगो और दक्षिण सूडान के नागरिकों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक बरकरार रखी।
इस हफ्ते एक बयान जारी करते हुए,‘मिस यूनिवर्स जांबिया’ के आयोजकों ने अपनी प्रतिनिधि मुबांग पामेला हत्योका के नाम वापस लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा, “उन्होंने अपना ताज और अपना खिताब अपनी मेहनत से हासिल किया है, और वे उस देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाने की हकदार हैं, जिसकी वे गर्व के साथ सेवा करती हैं।”
कांगो गणराज्य में जॉर्जिना काम्बोंगो ने तब इतिहास रच दिया, जब उन्हें मध्य अफ्रीकी देश की पहली ‘मिस यूनिवर्स’ प्रतिनिधि चुना गया। राष्ट्रीय आयोजकों का कहना है कि उनका प्यूर्टो रिको न जा पाना, पूरी तरह से ट्रंप द्वारा लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों की वजह से है।
चीन ने शुक्रवार को ‘सरोगेसी’ को अपराध घोषित करते हुए इससे जुड़े नियमों को और कड़ा कर दिया। अवैध रूप से सहायक प्रजनन सेवाएं देने वाले भूमिगत केंद्रों की खबरों के बाद यह कदम उठाया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के प्रवक्ता यांग जिनरुई ने कहा कि चीन में हर तरह की किराए की कोख (सरोगेसी) पर सख्त प्रतिबंध है और ऐसी व्यवस्था कराना एक अपराध है, जो नैतिक मानदंडों का उल्लंघन करता है तथा इसके लिए कड़ी कानूनी सजा दी जाएगी।
सरकारी मीडिया ने यांग के हवाले से कहा कि तथाकथित ‘‘सरोगेसी समझौतों’’ को कानून का संरक्षण प्राप्त नहीं है और ऐसी व्यवस्थाओं में शामिल लोगों को कानूनी जवाबदेही का सामना करना पड़ सकता है।
यह चेतावनी मध्य चीन के हुनान प्रांत की राजधानी चांग्शा में अवैध केंद्रों के सहायक प्रजनन सेवाएं उपलब्ध कराने संबंधी खबरों के बाद दी गई है।
सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ की खबर के अनुसार, इन अवैध गतिविधियों की जांच के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया गया और प्रक्रियाओं में इस्तेमाल की जाने वाली दवाएं जब्त की गईं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने 6,000 से अधिक लोगों के वीजा रद्द कर दिए हैं, जिन्होंने 'बर्थ टूरिज्म' (बच्चे को जन्म देने के लिए विदेश यात्रा) में हिस्सा लिया था या इसे बढ़ावा दिया था।
विभाग ने एक्स पोस्ट में बताया, "डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट की 'बर्थ टूरिज्म प्रिवेंशन टास्क फोर्स' ने अब ऐसे विदेशियों के 6,000 से अधिक वीजा रद्द कर दिए हैं, जो ‘बर्थ टूरिज्म’ (बच्चे को जन्म देने के लिए विदेश यात्रा) में शामिल थे या जिन्होंने इसमें मदद की थी।"
विभाग ने कहा, "हम इस गैरकानूनी काम में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर रहे हैं और उन्हें जवाबदेह ठहरा रहे हैं।"
यह 31 अक्टूबर को विभाग द्वारा बताए गए 4,000 से अधिक वीजा रद्द किए जाने के आंकड़ों से ज्यादा है। दोनों ही आंकड़ों से यह पता नहीं चलता कि वास्तव में कितनी बढ़ोतरी हुई है।
अक्टूबर में जारी जानकारी में विभाग ने बताया था कि ‘बर्थ टूरिज्म’ के लिए रद्द किए गए वीजा में से 700 से अधिक चीनी नागरिकों के थे। ताजा बयान में यह नहीं बताया गया है कि इनमें किस देश के कितने नागरिक शामिल हैं।
विभाग की घोषणा वीजा रद्द करने से जुड़ी है। वीजा रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि उस व्यक्ति को देश से निकाला गया है या वह किसी अपराध का दोषी है।
विदेश विभाग (स्टेट डिपार्टमेंट) के एक नियम के अनुसार, "अमेरिका में बच्चे को जन्म देकर उसके लिए अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के मुख्य उद्देश्य से की गई यात्रा, 'बी नॉन-इमिग्रेंट वीजा' जारी करने का वैध आधार नहीं है।"
यूक्रेन ने रातभर रूस के ठिकानों पर करीब 1,200 ड्रोन से हमला किया, जो करीब पांच साल पहले युद्ध शुरू होने के बाद से उसके सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने बृहस्पतिवार देर रात से शुक्रवार तड़के के बीच यूक्रेन के लंबी दूरी के 1,198 ड्रोन मार गिराए। हालांकि, स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रूस के तीन क्षेत्रों में हुए हमलों में 12 वर्षीय एक बच्चे सहित सात लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए।
यूक्रेन की सेना पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन में करीब 1,200 किलोमीटर लंबी मोर्चाबंदी पर रूस की सेना के खिलाफ रक्षा के लिए ड्रोन और जमीन पर चलने वाले रोबोट का इस्तेमाल कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि रूस ने रातभर यूक्रेन पर 117 ड्रोन से हमला किया, जिसमें 17 वर्षीय किशोर समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।
आपातकालीन सेवा के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिणी जापोरिज्जिया पर रूस के एक हमले में पांच बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। आपातकालीन कर्मियों ने एक अपार्टमेंट में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी निकाय से इस महीने कहा है कि जब तक उस पर सैन्य हमलों का खतरा बना हुआ है, तब तक परमाणु निगरानी को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईईएई) की एक गोपनीय रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने कहा है कि देश में निरीक्षण फिर से शुरू करने पर बातचीत तब तक नहीं हो सकती, जब तक कि ‘अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से लगातार, स्पष्ट और सार्वजनिक धमकियां’ दी जाती रहेंगी। इन धमकियों में ईरान के खिलाफ ‘और अधिक सशस्त्र हमले’ करने की बात कही गई है, ‘जिनमें विशेष रूप से ईरान की परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाने’ की बात शामिल है।
इस रिपोर्ट की प्रति शुक्रवार को सदस्य देशों को वितरित की गईं और इसका अवलोकन ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ ने किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने कहा कि स्थिति तब तक नहीं सुलझेगी, ‘‘जब तक कि मौजूदा हालात के मूल कारणों का समाधान नहीं किया जाता और सामान्य सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए जरूरी शर्तें बहाल नहीं हो जातीं।’’
ईरान ने जून 2025 में 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान, इजराइली और अमेरिकी हमलों से प्रभावित परमाणु स्थलों का निरीक्षण करने की अनुमति आईएईए निरीक्षकों को नहीं दी है। जून में हुई बमबारी के बाद से, आईएईए ईरान के पास मौजूद ‘हथियार बनाने के लगभग योग्य’ यूरेनियम के भंडार की स्थिति की पुष्टि भी नहीं कर पाया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए