हालात

असम में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गौरव गोगोई समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

गौरव गोगोई ने कहा कि अगर बीजेपी सोचती है कि हमें हिरासत में लेकर हमारा मुंह बंद करा सकती है तो उन्हें गलतफहमी है। ऐसा लगता है कि बीजेपी डर गई है। कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। हम बीजेपी को हटायेंगे और देश को बचायेंगे।

असम में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गौरव गोगोई समेत कई नेता हिरासत में लिए गए
असम में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गौरव गोगोई समेत कई नेता हिरासत में लिए गए फोटोः PTI

असम में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

गौरव गोगोई समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

चुनाव आयोग पर अखबार के खुलासे से देश भर में हड़कंप

चुनाव आयोग को लेकर हुए खुलासों के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में असम में भी कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस बैरिकेड से आगे जाने की कोशिश करने पर गौरव गोगोई और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

गौरव गोगोई समेत कई वरिष्ठ नेता हिरासत में लिए गए

असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने गुवाहाटी में अपने मुख्यालय राजीव भवन से एक मार्च निकाला और उसकी योजना सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला फूकने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर बढ़ने की थी। पुलिस ने राजीव भवन के पास बैरिकेड लगाए थे, जिन्हें गोगोई समेत प्रदर्शनकारी नेताओं ने पार करने की कोशिश की। उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

'हम बीजेपी को हटायेंगे और देश को बचायेंगे'

कांग्रेस द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में गोगोई ने कहा कि पार्टी ने विरोध प्रदर्शन करने के लिए एक ‘लोकतांत्रिक कदम’ उठाया था और ‘भारतीय लोकतंत्र पर हमले के खिलाफ अपनी चिंता प्रकट करने’ के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय जाने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने ‘हमें रोक लिया और हिरासत में ले लिया।’

गौरव गोगोई ने कहा, ‘‘यदि वे (बीजेपी) सोचते हैं कि हमें हिरासत में लेकर हमारा मुंह बंद करा सकते हैं तो उन्हें गलतफहमी हैं। ऐसा लगता है कि बीजेपी डर गयी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। हम बीजेपी को हटायेंगे और देश को बचायेंगे।’’

‘यह लोकतंत्र के लिए एक और खतरा’

हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को बस से चौथी असम पुलिस बटालियन ले जाया गया। इस दौरान उन्हें बीजेपी और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाते हुए सुना गया। वे ‘बीजेपी वापस जाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार को गिरफ़्तार करो’ जैसे नारे लगा रहे थे।

कांग्रेस प्रवक्ता बेदव्रत बोरा ने आरोप लगाया कि नेताओं को ‘बलपूर्वक गिरफ्तार’ कर लिया गया। उन्होंने दावा किया गया कि ‘यह लोकतंत्र के लिए एक और खतरा है।’ उन्होंने कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जो बर्बरता दिखाई, वह न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि हर मोर्चे पर मौजूदा सरकार के बुरी तरह नाकाम रहने का पक्का सबूत भी है।’’ गोगोई के अलावा, हिरासत में लिए गए लोगों में कांगेस सचिव मनोज चौहान, सेवा दल के अध्यक्ष दीप बयान और प्रदेश कांग्रेस महासचिव उदित भानु दास और कई अन्य लोग शामिल हैं।

ये भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग

चुनाव आयोग पर अखबार के खुलासे से देश भर में हड़कंप

बुधवार को ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर में दावा किया गया कि निर्वाचन आयुक्तों- सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों के दौरान एसआईआर से जुड़े फैसलों- जिनमें मतदाता सूची से नाम हटाना और चुनावी मतदाता सूची का डेटा शामिल है- पर कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थीं। लेकिन उनको नहीं सुना गया और कई फैसले उनकी जानकारी के बिना लिए गए। हालांकि, निर्वाचन आयोग का कहना है कि एसआईआर से जुड़े फैसले तीनों आयुक्तों की मंजूरी के साथ सर्वसम्मति से लिए गए थे।

कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार और बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोला

कांग्रेस ने कहा कि इन खुलासों से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी की वे चिंताएं पूरी तरह सही साबित होती हैं, जिनमें आरोप लगाया गया था कि सत्ताधारी बीजेपी को ‘अनुचित फायदा’ पहुंचाने के लिए चुनावी मशीनरी पर ‘कब्ज़ा किया जा रहा है और उसमें हेर-फेर की जा रही है।’ कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार और बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ये भी पढ़ें : CJP ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन की तारीख का किया ऐलान, रखीं हैं ये 3 मांगें, कहा- अगर...

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए