हालात

दिल्ली की हवा में घुला जहर, कई इलाकों 400 के पार पहुंचा AQI, धुंध की चादर में लिपटी राजधानी

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक बना हुआ है और कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

  • दिल्ली में रविवार सुबह भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली और कई इलाकों में AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

  • पंजाबी बाग में AQI 452 पहुंच गया, जबकि आरके पुरम में 449 और IIT दिल्ली में 446 दर्ज हुआ।

  • द्वारका, मथुरा रोड, सिरीफोर्ट और नॉर्थ कैंपस समेत कई इलाकों में भी AQI 400 के पार रहा।

  • GRAP-3 की पाबंदियों के बावजूद हवा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार नहीं दिख रहा है।

राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह भी कई इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई रही और हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंची हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 6 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां AQI 452 तक पहुंच गया।

पंजाबी बाग में सबसे जहरीली हवा

CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग के बाद आरके पुरम में AQI 449 और IIT दिल्ली में 446 दर्ज किया गया। पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही और यहां AQI 444 तक पहुंच गया।

मथुरा रोड में AQI 425, सिरीफोर्ट और नॉर्थ कैंपस (DU) में 423 दर्ज किया गया। वहीं, चांदनी चौक में 417, पूसा में 415, बुराड़ी क्रॉसिंग में 411 और NSUT जाफरपुर में AQI 409 रहा। इन सभी इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई है।

400 से नीचे AQI वाले इलाकों में भी राहत नहीं

दिल्ली के कुछ इलाकों में AQI 400 से नीचे जरूर रहा, लेकिन वहां भी हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नरेला में AQI 399, ITO में 396 और मंदिर मार्ग में 393 दर्ज किया गया। उत्तम नगर में यह 373, बुराड़ी में 370, तालकटोरा गार्डन और आया नगर में 369 रहा।

इसके अलावा वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 356, टिकरी कलां और बदरपुर में 349, कराला में 337 और लोधी रोड (IITM) में 333 दर्ज किया गया।

GRAP-3 की पाबंदियों के बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं

दीपावली से ठीक पहले दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का यह स्तर लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। प्रशासन की ओर से GRAP-3 की पाबंदियां लागू किए जाने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में कोई बड़ा सुधार नजर नहीं आ रहा है। राजधानी के कई इलाकों में AQI लगातार गंभीर श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लोगों को जहरीली हवा के बीच सांस लेनी पड़ रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए