
कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान के बुधवार सुबह रवाना होने से पहले, विमान के शौचालय में अपहरण की धमकी वाला एक नोट मिला जिसके बाद विमान को हवाई अड्डे पर एक अलग स्थान (आइसोलेशन बे) पर ले जाया गया।
कोलकाता हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि उड़ान रवाना होने से ठीक पहले विमान के शौचालय में एक नोट मिला, जिसमें पूर्वाह्न 11 बजकर 10 मिनट पर विमान का अपहरण करने की धमकी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि विमान में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया और विमान को ‘आइसोलेशन बे’ पर ले जाया गया।
सिंह ने बताया कि सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रक्रियाएं तत्काल शुरू कर दी गईं और विमान की गहन जांच एवं आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के लिए उसे ‘आइसोलेशन बे’ में ले जाया गया।
आइसोलेशन बे एयरपोर्ट का एक अलग हिस्सा होता है। यहां सुरक्षा जांच के लिए विमान को खड़ा किया जाता है। फिलहाल संबंधित अधिकारी विमान की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं। यात्रियों को भी विमान से बाहर निकाला गया है। फिलहाल नोट में लिखी बातों का खुलासा नहीं हुआ है। यह भी पता नहीं चल पाया है कि नोट विमान में किसने रखा था। अधिकारियों की जांच के बाद ही इन सवालों के जवाब मिल पाएंगे।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए