हालात

Weather Update: दिल्ली से कश्मीर तक बदलेगा मौसम, UP-बिहार-राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत 13 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 80 KMPH तक तेज हवाएं चलने की संभावना।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत 13 राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके चलते जलभराव, यातायात प्रभावित होने और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। ऐसे में यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 4 से 5 दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिक हिस्सों तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में 19 जून तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

Published: undefined

दिल्ली में येलो अलर्ट, यूपी-बिहार में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

दिल्ली-एनसीआर में 15 से 17 जून के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 15 जून के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश में 15 जून को कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मथुरा, अलीगढ़, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कानपुर, हमीरपुर, जालौन और झांसी समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में 15 से 20 जून तक छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 20 जून के बीच बारिश बढ़ने के आसार हैं।

बिहार में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। वेस्ट चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में 15 जून को गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार पहुंच सकता है। 16 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Published: undefined

राजस्थान से हिमालयी राज्यों तक मौसम रहेगा सक्रिय

राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर और श्रीगंगानगर समेत कई क्षेत्रों में 15 से 20 जून के दौरान बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तराखंड में किसी बड़े मौसमीय खतरे की चेतावनी नहीं है, लेकिन नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, अल्मोड़ा और टिहरी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 15 जून और 18 से 20 जून के बीच गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर में भी 15 से 20 जून के बीच छिटपुट बारिश की संभावना है। जम्मू, श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, पुलवामा, उधमपुर और राजौरी में गरज-चमक के साथ मौसम का असर देखने को मिल सकता है। यहां भी 15 जून और 18 से 20 जून के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की प्रगति और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined