
झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को 17 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक सभी 17 सीटों पर कुल 61.93 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।
झारखंड में तीसरे चरण का मतदान जारी है। 4 बजे तक 57 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। कुछ जगहों पर 3 बजे तक मतदान खत्म हो गया है। वहीं कुछ सीटों पर 5 बजे तक मतदान होगा।
झारखंड में तीसरे चरण का मतदान जारी है। 3 बजे तक 53 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। कुछ जगहों पर 3 बजे तक मतदान खत्म हो गया है। वहीं कुछ सीटों पर 5 बजे तक मतदान होगा।
झारखंड में तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है। दोपहर 1 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 1 बजे तक 45.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
झारखंड में तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक 18 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है।
झारखंड में तीसरे चरण का मतदान जारी है। 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह 10 बजे तक 13 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है।
झारखंड में तीसरे चरण का मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है। 9 बजे तक 9 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है।
बीजेपी सांसद जयंत सिन्हा हजारीबाग में वोट डालने के लिए एक पोलिंग बूथ पर लाइन में लगे हैं। तीसरे चरण के तहत 17 सीटों पर मतदान जारी है।
विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण के मतदान के दौरान बोकारो के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए कतार में लगे मतदाता।
चतरा में मतदान केंद्र संख्या 82 पर मतदान जारी है। तीसरे चरण के तहत 17 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है।
झरखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच तीसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है। तीसरे चरण में 309 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, इनमें 32 महिलाएं हैं। इस चरण में सबसे ज्यादा 56,18,267 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 17 सीटों पर होने वाले मतदान की तैयारी पूरी हो गई है। रांची, हटिया, रामगढ़, कांके और बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। बाकी विधानसभा क्षेत्रों में 3 बजे तक वोटिंग होगी।
तीसरे चरण में 309 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, इनमें 32 महिलाएं हैं। इस चरण में सबसे ज्यादा 56,18,267 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 29,37,976 है। वहीं, महिलाओं की संख्या 26,80,205 है।
इस चरण में 44 महिला मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 21 केंद्र सिर्फ रांची जिला के 5 मतदान क्षेत्र में हैं। हटिया में 11, कांके में 8 और रांची में 2 ऐसे केंद्र हैं। कुल 208 मॉडल केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इस चरण के चुनाव में सुदेश महतो और बाबूलाल मरांडी की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। इस चरण के चुनाव में सिल्ली और राजधनवार के मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सिल्ली से जहां आजसू की ओर से सुदेश महतो चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं, राजधनवार से बाबूलाल मरांडी ताल ठोक रहे हैं।
पिछले चुनाव में इन 17 सीटों में 7 पर बीजेपी, 3 पर झारखंड मुक्ति मोर्चा, 3 पर झाविमो, 2 पर कांग्रेस और 1-1 सीट पर आजसू और भाकपा (माले) के उम्मीदवार जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। इस चरण में बीजेपी के लिए अपनी सीट बचाने की भी चुनौती होगी, क्योंकि इस चरण में उन 4 सीटों पर भी मतदान हो रहा है जहां दलबदल कर चुनावी जंग में उतरे उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इस चरण में दो मंत्रियों के भाग्य का भी फैसला होना है। कोडरमा से मंत्री नीरा यादव और रांची से मंत्री सी़ पी़ सिंह को पार्टी ने एक बार फिर मैदान में उतारा है।
पिछले चुनाव में बरकट्ठा से झाविमो के टिकट पर जीत कर आए जानकी यादव अब 'कमल' के साथ मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटे हैं जबकि बरही में कांग्रेस से विधायक रहे मनोज यादव अब भाजपा के टिकट पर चुनावी समीकरण को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं।
मांडू से स्वर्गीय टेकलाल महतो के पुत्र जेपी़ पटेल ने लोकसभा चुनाव के समय ही झामुमो से किनारा कर लिया था। इस चुनाव में वे बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव में ताल ठोक रहे हैं। रांची जिले के हटिया से पिछली बार झाविमो के टिकट से जीतकर विधानसभा पहुंचे नवीन जायसवाल इस चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
इस चरण का चुनाव आजसू के लिए सबसे अहम माना जा रहा है क्योंकि वह अकेले अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरी है। आजसू के नेता भी मानते हैं कि राज्य में आजसू को अपनी ताकत बढ़ाने के लिहाज से इस चरण का चुनाव उसके लिए काफी महत्वपूर्ण होगा। इस चरण में आजसू ने मांडू, गोमिया, सिमरिया, बड़कागांव, ईचागढ़, रामगढ़, सिल्ली सहित कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
रामगढ़ आजसू की परंपरागत सीट मानी जाती है। रामगढ़ से पिछले चुनाव में आजसू के टिकट पर चंद्रप्रकाश चौधरी विजयी हुए थे। इस साल हुए लोकसभा चुनाव में उनके सांसद चुने जाने के बाद इस विधानसभा चुनाव में आजसू ने उनकी पत्नी सुनीता चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा है।
इस चरण में राजधनवार सीट पर भी मतदान होना है। सीट से झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी मैदान में हैं। तीसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 Dec 2019, 5:59 AM IST