स्वतंत्र पत्रकार मनदीप पुनिया को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने इसकी पुष्टि कर दी है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने और सिंघु बॉर्डर पर पुलिस को कर्तव्यों का निर्वहन करने में बाधा डालने के आरोप में मनदीप पुनिया को गिरफ्तार किया गया है।
Published: 31 Jan 2021, 12:37 PM IST
गौर करने वाली बात यह है कि पत्रकार मनदीप पुनिया वही हैं, जिन्होंने सिंघु बॉर्डर पर किसानों के खिलाफ हिंसा कर रहे लोगों का बीजेपी कनेक्शन होने का दावा किया था। पिछले दिनों सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर स्थानीय नागरिक होने का दावा करते हुए पत्थरबाजी की थी। यह लोग किसानों को सिंघु बॉर्डर से जाने के लिए कह रहे थे। इसके बाद किसानों और हंगामा कर रहे लोग भिड़ गए थे। पत्थरबाजी और झड़प में कई लोग घायल हो गए थे।
Published: 31 Jan 2021, 12:37 PM IST
इस घटना में तलवार लगने से एक एसएचओ भी घायल हो गए थे। घटना के बाद पत्रकार मनदीप पुनिया ने वीडियो जारी कर दावा किया था कि जो लोग स्थानीय होने का दावा करके किसानों पर हमले कर रहे थे, वह स्थानीय नहीं बल्कि बीजेपी कार्यकर्ता थे।
Published: 31 Jan 2021, 12:37 PM IST
पत्रकार मनदीप पुनिया की गिरफ्तारी पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “किसान आंदोलन कवर कर रहे पत्रकारों को गिरफ्तार किया जा रहा है, उनपर मुकदमें किए जा रहे हैं। कई जगहों पर इंटरनेट बंद कर दिया है। बीजेपी सरकार किसानों की आवाज को कुचलना चाहती है, लेकिन वे भूल गए हैं कि जितना दबाओगे उससे ज्यादा आवाजें आपके अत्याचार के खिलाफ उठेंगी।”
Published: 31 Jan 2021, 12:37 PM IST
वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी पत्रकार मनदीप की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी ने मनदीप की गिरफ्तारी से जुड़ी रिपोर्ट का एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, “जो सच से डरते हैं, वे सच्चे पत्रकारों को गिरफ़्तार करते हैं।”
Published: 31 Jan 2021, 12:37 PM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 31 Jan 2021, 12:37 PM IST