हालात

पुलवामा हमले के कारण प्रियंका ने रद्द की यूपी में पहली प्रेस कांफ्रेंस, कहा- अपनों को खोने का दर्द समझती हूं

प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में अपनी पहली प्रेस कांफ्रेंस को पुलवामा आतंकी हमले के कारण रद्द कर दिया। हालांकि प्रियंका मीडिया के सामने आईं, लेकिन उन्होंने आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के प्रति शोक जताया और कहा कि वे अपनों को खोने का दर्द समझती हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया 

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को लखनऊ में होने वाली अपनी प्रेस कांफ्रेंस रद्द कर दी। अलबत्ता वह दो मिनट के लिए मीडिया के सामने आईं और इस हमले पर शोक जताते हुए कहा कि, “अपनों को खोने का दर्द मैं समझती हूं।”

प्रियंका गांधी की इस प्रेस कांफ्रेंस को लेकर काफी उत्सुकता थी और कांग्रेस मुख्यालय पर मीडिया का जमावड़ा था। दरअसल प्रियंका गांधी ने कांग्रेस महासचिव का कार्यभार संभालने के बाद लखनऊ में रोड शो किया था, लेकिन अभी तक न तो उन्होंने सीधे लोगों को संबोधित किया है और न ही मीडिया से मुखातिब हुई हैं। पहले यह प्रेस कांफ्रेंस शाम 4 बजे होने वाली थी, लेकिन किसी वजह से इसे 7 बजे के लिए स्थगित कर दिया गया था।

बताया जाता है कि बीजेपी के एक मौजूदा विधायक अवतार सिंह भडाना और पूर्व विधायक राम लाल राही दिन में प्रियंका गांधी से मिले थे, और कयास थे कि वे प्रियंका गांधी की मौजूदगी में इन दोनों के कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान करेंगी। लेकिन पुलवामा में आतंकी हमले के कारण फिलहाल इसे टाल दिया गया है। संभवत: इसका ऐलान अब शुक्रवार को होगा।

प्रियंका गांधी प्रेस कांफ्रेंस में सिर्फ कुछ देर के लिए आईं और उन्होंने कहा कि, “आज जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के हाथों शहीद जवानों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं, दुख प्रकट करती हूं। उनके परिवारों की वेदना मैं अच्छी तरह समझती हूं। मैं जानती हूं इस शोक की घड़ी में सांत्वना के शब्द पर्याप्त नहीं होते, फिर भी शहीद परिवार के पीछे न केवल कांग्रेस बल्कि पूरा देश खड़ा है।“

उन्होंने कहा कि, “जम्मू कश्मीर में आए दिन हमारे जवान शहीद हो रहे हैं, जो गहरी चिंता का विषय है। मैं सरकार से मांग करती हूं कि इन घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।“

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined