
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली दौरे से पहले मंगलवार को जिला अस्पताल के वार्डो में भगवाधारियों वाली बेडशीट (चादर) बिछाई गई। हालांकि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ एनके श्रीवास्तव ने कहा कि बेडशीट के बारे में कुछ भी असामान्य नहीं है।
उन्होंने कहा, “प्रत्येक दिन यह बदली जा रही हैं या नहीं, यह सुनिश्चित करने के लिए बेडशीट का रंग कोडित किया गया है।”हलांकि, सूत्रों ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब भगवा रंग की चादर का इस्तेमाल अस्पताल में किया गया है। संभावना है कि मुख्यमंत्री अस्पताल का औचक निरिक्षण करें। हालांकि, यहां का दौरा उनके कार्यक्रम का हिस्सा नहीं है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी राणा बेनी माधोसिंह की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रायबरेली आ रहे हैं। वह शहीद चौक पर भी श्रद्धांजलि देंगे और फिर लखनऊ लौटने से पहले यहां एक अन्य समारोह में भाग लेंगे।
गौरतलब है कि यूपी में योगी की सरकार आने के बाद भगवाकरण खेल जारी है। इससे पहले बुलंदशहर में केंद्रीय विद्यालय सफेद रंग में देखा जाता था लेकिन अब विद्यालय भगवा चादर ओढ़ चुका है। इसके अलावा मंडी सिमिति, रोडवेज़ बस, इतना ही नहीं सीएम योगी को के खुश करने के लिए मुजफ्फरनगर में तो पुलिस कॉलोनी को ही भगवा रंग में रंग दिया गया था। भगवा रंग को लेकर विपक्ष कई बार सीएम योगी पर निशाना साध चुकी है।
दूसरी ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी रायबरेली में मौजूद हैं, वह यहां पूर्व विधायक अखिलेश सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने आई हैं। विधायक की बेटी अदिति सिंह अब कांग्रेस की विधायक हैं। कैंसर के चलते 20 अगस्त को अखिलेश सिंह का निधन हो गया था।
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस महासचिव प्रियंका पहुंचीं रायबरेली, पूर्व विधायक अखिलेश सिंह को दी श्रद्धांजलि
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Aug 2019, 1:28 PM IST