हालात

राजस्थान नगर निकाय चुनावः दूसरे चरण में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, कोटा में सबसे कम 57.02 फीसदी वोटिंग

राजस्थान के 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरण में संपन्न हो गए। इससे पहले 9 सितंबर को पहले चरण में 162 नगर निकायों के चुनाव में 76.41 प्रतिशत मतदान हुआ था। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

राजस्थान नगर निकाय चुनावः दूसरे चरण में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, कोटा में सबसे कम 57.02 फीसदी वोटिंग
राजस्थान नगर निकाय चुनावः दूसरे चरण में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, कोटा में सबसे कम 57.02 फीसदी वोटिंग फोटोः PTI

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में शुक्रवार को जमकर मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, शाम 6 बजे तक 147 निकायों में 70.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इससे पहले प्रथम चरण में 9 सितंबर को 162 नगर निकायों के लिए कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। 

दूसरे चरण में प्रदेश के लाखों मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर शहर की सरकार चुनने के लिए वोट डाला। आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में कुल 87 लाख 63 हजार 595 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 61 लाख 35 हजार 153 मतदाताओं ने वोट डाला। कुल मतदान प्रतिशत 70.01 प्रतिशत रहा, जिसे काफी अच्छा माना जा रहा है।

हालांकि कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के मामले भी सामने आए।सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ होने के बाद शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं। ईवीएम के काम नहीं करने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई।

इसके बावजूद दिन चढ़ते ही मतदाताओं की भीड़ भी बढ़ती गई। इस चरण में सबसे ज्यादा मतदान धोरीमन्ना में हुआ, जहां 91.59 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला। वहीं, सबसे कम मतदान कोटा नगर निगम में दर्ज किया गया, जहां केवल 57.02 प्रतिशत मतदान हुआ। शहरी क्षेत्रों में कम मतदान की प्रवृत्ति इस बार भी कोटा में देखने को मिली।

इस चरण में छह नगर निगम, 24 नगर परिषद और 117 नगरपालिकाओं में चुनाव हुआ और कुल 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में 9,758 मतदान केंद्रों पर 87,60,884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र थे। इस चरण में जिन छह नगर निगमों के लिए मतदान हुआ, उनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल हैं।

जिलेवार मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो अलवर में 85.22 प्रतिशत, बाड़मेर में 85.17 प्रतिशत, खैरथल-तिजारा में 88.32 प्रतिशत, फलोदी में 86.80 प्रतिशत और कोटपूतली-बहरोड़ में 86.04 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो राज्य के औसत से काफी ज्यादा है। इसी तरह अजमेर में 69.77 प्रतिशत, बालोतरा में 75.18 प्रतिशत, बांसवाड़ा में 71.36 प्रतिशत मतदान हुआ।

इसे भी पढ़ेंः राजस्थान निकाय चुनाव: अंतिम चरण की वोटिंग जारी, मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे मतदाता, दिख रहा उत्साह

वहीं बारां में 83.07 प्रतिशत, ब्यावर में 77.69 प्रतिशत, भरतपुर में 83.65 प्रतिशत, भीलवाड़ा में 83.88 प्रतिशत, बीकानेर में 75.09 प्रतिशत, बूंदी में 81.48 प्रतिशत, चित्तौड़गढ़ में 79.80 प्रतिशत, चूरू में 74.74 प्रतिशत, दौसा में 82.88 प्रतिशत, डीडवाना-कुचामन में 81.90 प्रतिशत, डीग में 83.04 प्रतिशत, धौलपुर में 82.06 प्रतिशत, डूंगरपुर में 71.98 प्रतिशत, श्रीगंगानगर में 75.10 प्रतिशत और हनुमानगढ़ में 80.01 प्रतिशत मतदान हुआ।

जयपुर जिले में 62.88 प्रतिशत, जैसलमेर में 84.88 प्रतिशत, जालोर में 76.64 प्रतिशत, झालावाड़ में 83.19 प्रतिशत, झुंझुनूं में 77.94 प्रतिशत, जोधपुर में 71.10 प्रतिशत, करौली में 77.76 प्रतिशत, नागौर में 83.26 प्रतिशत, पाली में 70.70 प्रतिशत, प्रतापगढ़ में 81.80 प्रतिशत, राजसमंद में 79.27 प्रतिशत, सवाई माधोपुर में 74.56 प्रतिशत, सलूंबर में 78.69 प्रतिशत, सीकर में 67.81 प्रतिशत, सिरोही में 66.90 प्रतिशत, टोंक में 79.67 प्रतिशत और उदयपुर में 70.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ेंः राजस्थान: निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी, कई जगह EVM में खराबी के आरोप, झुंझुनूं में निर्दलीय उम्मीदवार पर हमला

कुल मिलाकर अलवर जिला 85.22 प्रतिशत के साथ टॉप पर रहा, जबकि कोटा 57.02 प्रतिशत के साथ सबसे नीचे रहा। राज्य का औसत मतदान 70.01 प्रतिशत रहा। आयोग ने बताया कि अंतिम आंकड़ों में मामूली बदलाव संभव है।

इससे पहले, राज्य के 162 नगर निकायों के लिए नौ सितंबर को मतदान हुआ था जिसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजस्थान के कुल 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए