हालात

बिहार: सावन के तीसरे सोमवार पर बड़ा हादसा, अशोकधाम मंदिर में करंट फैलने की अफवाह से मची भगदड़, 7 लोगों की मौत

लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के बाहरी परिसर में सावन के तीसरे सोमवार को भगदड़ मच गई, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बिजली का पोल गिरने से करंट फैलने की अफवाह के बाद अफरातफरी मच गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

सावन की तीसरे सोमवार पर बिहार के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के बाहरी परिसर में अचानक भगदड़ मचने से कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है, जबकि 8 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेजा गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

अफवाह के बाद मची अफरातफरी

बताया जा रहा है कि हादसा अशोकधाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, रात में इस मार्ग पर बिजली का एक पोल तार समेत गिर गया था। सोमवार सुबह जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिए और श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान पोल में करंट प्रवाहित होने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद भीड़ में अचानक अफरातफरी मच गई।

कई लोगों के दबने से मौत

अफवाह के बाद श्रद्धालु जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई और कई लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए दबे लोगों को बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हुई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और स्थिति की जांच की जा रही है।

अशोकधाम मंदिर का धार्मिक महत्व

लखीसराय का अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है। मंदिर में स्थित विशाल शिवलिंग को पालकालीन माना जाता है। मान्यता है कि यह शिवलिंग जमीन की खुदाई के दौरान प्राप्त हुआ था। सावन के महीने में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण सोमवार को मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए