हालात

स्वतंत्र भारद्वाज को मिली तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत, वीडियो में 'खोपड़ी खोलने' का दावा करने के बाद हुआ था गिरफ्तार

स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया था कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। उसका यहां तक कहना था कि चिराग पासवान, कपिल मिश्रा जैसे नेता उसके लिए बड़े भाई सरीखे हैं। उसने पीएम मोदी का नाम लेकर भी दावा किया था कि वो उसके बड़े भाई हैं और यही लोग उसे बचाते हैं।

स्वतंत्र भारद्वाज को मिली तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत, वीडियो में 'खोपड़ी खोलने' का दावा करने के बाद हुआ था गिरफ्तार
स्वतंत्र भारद्वाज को मिली तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत, वीडियो में 'खोपड़ी खोलने' का दावा करने के बाद हुआ था गिरफ्तार फाइल फोटो

जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा के पिता संजय आजाद से मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को अदालत से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की एक अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को तीन सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दे दी है। स्वतंत्र पर आरोप है कि उसने संजय आजाद की पिटाई की थी। इस मामले में उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट भी लगा था।

पटियाला हाउस कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत

स्वतंत्र भारद्वाज को राहत देने वाला यह फैसला पटियाला हाउस कोर्ट के जज सौरभ प्रताप सिंह लालेर ने सुनाया। इससे पहले सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने तय किया था कि कोर्ट की कार्यवाही बंद कमरे में कैमरे की निगरानी में होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज हुआ है।

पॉडकास्ट में किया था खोपड़ी खोलने का दावा

मारपीट का यह मामला 23 जून का था। पुलिस ने तभी उसे हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया था। लेकिन पिछले दिनों एक पॉडकास्ट में स्वतंत्र ने दावा किया था कि उसने एक लड़की के पिता का सिर फोड़ दिया था और उसे इतना पीटा था कि वह मरणासन्न हो गया था और अपने राजनीतिक संपर्कों के कारण वह गिरफ्तारी से बच गया। स्वतंत्र के इस दावे के बाद नए सिरे से बवाल बढ़ गया था।

मोदी समेत कई बीजेपी नेताओं को बताया था बड़ा भाई

साथ ही स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया था कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। उसका यहां तक कहना था कि चिराग पासवान, कपिल मिश्रा जैसे नेता उसके लिए बड़े भाई सरीखे हैं। उसने पीएम मोदी का नाम लेकर भी दावा किया था कि वो उसके बड़े भाई हैं और यही लोग उसे बचाते हैं। इस मामले के तूल पकड़ने पर के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी निशु आजाद के समर्थन में ट्वीट किया और उसके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

इसे भी पढ़ेंः जंतर-मंतर प्रोटेस्टरों पर हमला करने वाला स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया

थाने पर प्रदर्शन के बाद हुआ था गिरफ्तार

इसे बाद स्वतंत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद मार्ग थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया था, जिसके कुछ ही घंटों बाद, चार सितंबर को दिल्ली पुलिस ने भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया था। इसके दो दिन बाद पुलिस ने सख्त धाराएं लगाते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसे भी पढ़ेंः दलित छात्रा निशु मामला: आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, नेपाल भागने की कोशिश नाकाम, ऐसे फंसा 'इंफ्लूएंसर'