विचार

नफ़रत  के दौर में प्रेम और अपनेपन की दास्तान

नफरत की संगठित राजनीति को ख़ारिज करती है सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग - ए जर्नी ऑफ लव'

फोटो : आईएएनएस
फोटो : आईएएनएस 

सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर जनता की प्रतिक्रिया में एक गहरा संतोष देने वाला अहसास है। इस क्षण में मुझे किसी आत्मकथा की सामान्य सफलता से कहीं कुछ बड़ा दिखता है। मैं इसमें भारत के हिन्दुत्ववादी तंत्र द्वारा संचालित सबसे लंबे चरित्र-हनन अभियानों में से एक की ऐतिहासिक विफलता देखता हूं। एक ऐसी महिला जिसे भाजपा और संघ परिवार ने दशकों तक अपमानित करने, अवैध ठहराने और राजनीतिक रूप से खत्म करने की हरसंभव कोशिश की, उसने अंततः अपनी कहानी अपने शब्दों में कहने का रास्ता तलाश ही लिया। और आज देश उन्हें सुन रहा है।

संघ परिवार ने एक ‘मनगढ़ंत सोनिया गांधी’ रचने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। संघ परिवार ने उस वास्तविक स्त्री को नहीं देखा जो प्रेम की डोर थामकर भारत आई थी, जिसने इस देश को अपना घर बनाया, गहरे निजी आघात झेले और अंततः सार्वजनिक जीवन में उतरी; बल्कि संघ ने पूर्वाग्रहों, अनगिनत आक्षेपों और संगठित दुष्प्रचार के बल पर एक नितांत काल्पनिक सोनिया गांधी को गढ़ दिया। संघ परिवार के लिए वह कभी बार डांसर थीं, कभी इतालवी मोहरा, कभी भारत पर कब्जा करने की साजिश रचने वाली विदेशी षड्यंत्रकारी, तो कभी भारतीयों का धर्मांतरण कराने वाली ईसाई एजेंट... ये लांछन किसी चुनावी गहमागहमी में दिए गए तात्कालिक बयान भर नहीं थे; ये इस देश में उनके वजूद पर सवाल खड़े करने, उन्हें एक शत्रुवत विदेशी के रूप में पेश करने और भारत के साथ उनकी आत्मीयता को खारिज करने के एक सोचे-समझे राजनीतिक अभियान की नियमित शब्दावली थे-वही बहिष्करण की राजनीति जिसने न जाने कितने घृणित रूप अख्तियार किए हैं।

प्रेम और विवाह के जरिये भारतीय बन जाना, देश की असाधारण विविधता में रच-बसकर उसके लोगों के साथ आत्मीय रिश्ता कायम कर लेना-आखिर इसमें क्या अपराध है? क्या ‘भारतीय’ होना केवल एक भौगोलिक विरासत है या उससे कहीं बढ़कर कुछ और? क्या यह एक राजनीतिक और नैतिक विचार भी है जिसे कोई व्यक्ति सचेत रूप से अपना सकता है? क्या राष्ट्रीयता केवल जन्मस्थान, वंश या धार्मिक पहचान से ही तय होनी चाहिए? सोनिया गांधी के विदेशी मूल को ही उनके समूचे जीवन का निर्णायक पैमाना बनाने में कोई कसर न छोड़ने वाले संघ परिवार के सामने उनका जीवन इन सवालों को असहज करने वाली दृढ़ता के साथ खड़ा करता है।

धर्मनिरपेक्षता और भारत की बहुलतावादी कल्पना के प्रति उनकी निष्ठा उस दौर में और भी ज़्यादा अहम हो जाती है, जब मौजूदा हुकूमत की बहुसंख्यकवादी सियासत की वजह से करोड़ों भारतीयों की इस देश के प्रति हमदर्दी और नागरिक अधिकार सवालों के घेरे में हैं। यह बहुत बड़ी विडंबना है: जिस महिला को उन्होंने एक झूठी गढ़ी हुई कहानी में कैद करने की कोशिश की, उसने आज अपनी वास्तविक कहानी खुद लिख डाली।

दोनों परियोजनाओं के बीच का अंतर पूरी तरह साफ है। ‘संघ परिवार की सोनिया गांधी’ को टीवी प्रचार, राजनीतिक गालियों और अनवरत लांछनों के जरिये तैयार किया गया था। जबकि ‘बिलोंगिंग’ की सोनिया गांधी अपने निजी अनुभवों, भावनात्मक कोमलता, स्मृतियों और भोगे हुए इतिहास के जरिये अपनी बात रखती हैं। एक नफरत भड़काने के लिए रचा गया राजनीतिक कार्टून है, तो दूसरा अपनी आवाज को पुनः हासिल करता हुआ एक जीता-जागता इंसान।

‘बिलोंगिंग’ में जो बात मुझे सबसे अधिक छूती है, वह है इसमें कड़वाहट का सर्वथा अभाव। जिस महिला ने इतनी नफरत झेली हो, उसने कभी भी कड़वाहट को अपने जीवन का निर्णायक भाव नहीं बनने दिया। इसमें बहुत गहरी मानवीयता और सुंदरता है। यह शायद साहस के सबसे कठिन रूपों में से एक है: भीतर तक घायल होने के बावजूद अपनी कोमलता न खोना और नफरत का सामना करते हुए भी प्रेम करने की अपनी क्षमता को जीवित रखना। इसलिए उनका यह संस्मरण सार्वजनिक हस्ती के पीछे छिपे इंसान को समझने का एक खुला आमंत्रण भी है।

अपने स्वयं के जीवन और अपने सबसे करीबी लोगों के निर्णयों का आलोचनात्मक पुनरावलोकन करने के साहस की मैं विशेष रूप से सराहना करता हूं। अपने पति, अपनी सास या अपने राजनीतिक तंत्र द्वारा की गई गलतियों को स्वीकार करना कभी आसान नहीं रहा होगा। इसके लिए एक मजबूत नैतिक धरातल की आवश्यकता होती है, जहां सत्य को भावनाओं से ऊपर और इतिहास को पारिवारिक प्रतिष्ठा से ऊपर रखने की तत्परता हो।

संघ परिवार की समस्या केवल यह नहीं है कि वे सोनिया गांधी से असहमत हैं। वे शायद इस सच्चाई को स्वीकार करने में भी असमर्थ हैं कि जिस महिला पर उन्होंने लगातार कीचड़ उछाला, वह आज भी करोड़ों लोगों का स्नेह, सम्मान और ध्यान पाने का सामर्थ्य रखती है। यही बात मुझे इस संस्मरण के अर्थपूर्ण शीर्षक और उस बुनियादी सवाल की ओर ले जाती है जिससे यह किताब जूझती है।

कोई देश केवल जन्म से अपना नहीं बनता। अपनापन और आत्मीयता, प्रतिबद्धता, बलिदान और वहां के लोगों के साथ एक स्थायी भावनात्मक जुड़ाव से आती है। सोनिया गांधी ने इस यात्रा को जीकर दिखाया है। सोनिया गांधी की भारतीयता को उस जीवन से समझा जाना चाहिए जिसे उन्होंने यहां जीना चुना, उन नुकसानों और आघातों से समझा जाना चाहिए जिन्हें उन्होंने यहां झेला, उन जिम्मेदारियों से समझा जाना चाहिए जिन्हें उन्होंने यहां स्वीकार किया, और उन राजनीतिक मूल्यों से समझा जाना चाहिए जिनकी वह लगातार रक्षा करती रहीं।

मैंने कभी नहीं कहा कि सोनिया गांधी आलोचना से परे हैं; कोई भी राजनीतिक नेता ऐसा नहीं होना चाहिए। कांग्रेस को अपनी गलतियों का हिसाब देना होगा, और नेहरू-गांधी परिवार की भी उतनी ही कठोर जांच-पड़ताल होनी चाहिए जितनी किसी अन्य ताकतवर राजनीतिक घराने की होती है। लेकिन नेताओं से जवाबदेही मांगना अलग बात है और राजनीति प्रेरित चरित्र-हनन बिल्कुल दूसरी बात। राजनीतिक असहमति से मानवीय गरिमा कभी नष्ट नहीं होनी चाहिए।

सोनिया गांधी की भारतीयता को उनके जन्म से नहीं, बल्कि भारत के उस विचार को दिल से स्वीकार करने से समझा जाना चाहिए, जिसने उनके सार्वजनिक जीवन को आकार दिया। उन्होंने संघर्षों और चुनावी पराजयों के बीच इस विचार की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी; जब राजनीतिक प्रतिकूलताओं ने कमजोर इरादों वाले लोगों की परीक्षा ली, तब वह एक जोड़ने वाली ताकत बनी रहीं; और उन्होंने कभी भी इस देश को केवल एक चुनावी अखाड़ा नहीं समझा।

यह संस्मरण इसलिए दिल को छूता है क्योंकि यह आपको अपने भीतर झांकने देता है, अपनी मानवीय कमजोरियों की एक झलक दिखाता है, और एक ऐसी महिला से रूबरू कराता है जिसने असाधारण रूप से कठिन जीवन जिया लेकिन जिसे वह बिना किसी कड़वाहट के याद करती है। यह आपको उनके जीवन को उन पदों से नहीं देखने का न्योता देता है जो उन्होंने संभाले, न ही उनकी राजनीतिक जीतों या हारों के चश्मे से, बल्कि उस कसौटी से जो उन्होंने झेली, उन सिद्धांतों से जिनके आगे उन्होंने कभी समर्पण नहीं किया, और उन मानवीय मूल्यों से जो सब कुछ सहने के बाद भी उनके भीतर अडिग रहे।

शायद सोनिया गांधी के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि इतने वर्षों तक लगातार यह कहे जाने के बावजूद कि वह यहां की नहीं हैं, उन्होंने एक ऐसे भारत के लिए जीना, प्रेम करना और काम करना जारी रखा जहां हर नागरिक को अपनेपन का पूरा अधिकार है। यही कारण है कि मेरा मानना है कि ‘बिलोंगिंग’ को पूरी तरह खुले मन से पढ़ा जाना चाहिए।

किताब को लेकर जनता की असाधारण प्रतिक्रिया राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम है। पाठक कतारों में खड़े हैं और दुकानों से प्रतियां तेजी से गायब हो रही हैं। भारत और विदेशों में इसे जो व्यापक लोकप्रियता मिल रही है, वह केवल किसी सार्वजनिक व्यक्ति के निजी जीवन में झांकने की उत्सुकता भर नहीं है; बल्कि यह उस कहानी की सच्चाई को जानने की गहरी भूख भी है जिसे बहुत लंबे समय से दूसरों द्वारा तोड़ा-मरोड़ा जाता रहा है।

बीजेपी की प्रतिक्रिया भी उतनी ही चौंकाने वाली और स्पष्ट है। किताब की बिक्री के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटने और इसकी जबर्दस्त कामयाबी के बीच, नफरत का कारखाना अब भी पूरी मशक्कत कर रहा है कि कुछ ऐसा खोजा जाए जिससे उसके पुराने दुष्प्रचार को नए पंख मिल सकें।

मैं सोनिया गांधी के इस संस्मरण का स्वागत इसलिए करता हूं क्योंकि यह नफरत की मशीनरी के आगे अपनी पहचान सौंपने से साफ इनकार है; क्योंकि यह उस अहंकारी धारणा को चुनौती देता है कि उनके अपनेपन पर वे लोग सवाल उठा सकते हैं जो उनसे नफरत करते हैं; और क्योंकि यह साबित करता है कि उनका जीवन उन लोगों द्वारा कभी परिभाषित नहीं किया जा सकता जो उन्हें कभी समझ ही नहीं सकेंगे।

(लेखक की फेसबुक वॉल पर मूल रूप से प्रकाशित दो आलेखों के संपादित अंश)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • झारखंड विधानसभा ने एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया के खिलाफ संकल्प पारित किया, ज्ञानेश कुमार को हटाने की भी मांग

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार की दमदार वापसी, सेंसेक्स 1,502 अंक उछला, निफ्टी 25,819 पर और सोना-चांदी में गिरावट जारी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: नेपाल सरकार ने लापता भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू, 2 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति

  • ,
  • आधार में दिल्ली, पासपोर्ट में चेन्नई... एक ईमेल और 'फ्लैग्ड' पासपोर्ट ने कैसे रोकी सौरभ दास की लंदन फ्लाइट?, जानें डिटेल

  • ,
  • खेलः टेस्ट रैंकिंग में बावुमा, गिल, बुमराह की लंबी छलांग और वैभव की ऐतिहासिक पारी से संजय मांजरेकर चिंतित