
पंडित जवाहरलाल नेहरू जितने दूरदर्शी नायक थे, उतने ही बेहतरीन लेखक और वक्ता भी। इसलिए आधुनिक भारत के निर्माता, पहले प्रधानमंत्री, नौ साल जेल में बिताने वाले स्वतंत्रता के अप्रतिम सेनानी, बच्चों के प्यारे चाचा और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के लोकदेव कहने के बावजूद लगता है कि उनका परिचय अधूरा रह गया।
बहरहाल, जानकारों की निगाह में उनके जीवन का सर्वश्रेष्ठ भाषण वह है, जो उन्होंने देश की स्वतंत्रता के पहले सूर्यादय से पूर्व 14 अगस्त, 1947 की मध्य रात्रि संविधान सभा को सम्बोधित करते हुए दिया और जिसे ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ (नियति से साक्षात्कार) के नाम से जाना जाता है। बीसवीं शताब्दी के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भाषणों में गिने जाने वाले इस सम्बोधन में उन्होंने कहा था कि बहुत साल पहले हमने नियति से एक वादा किया था, और अब समय आ गया है कि हम उसको निभाएं.... मध्यरात्रि के ठीक बारह बजे, जब सारी दुनिया सो रही होगी, भारत जीवन और स्वतंत्रता के लिए जाग उठेगा।
लेकिन हमारे आज के सत्ताधीश जिस तरह उनके विलोम बन गये हैं, हमारी स्वतंत्रता (साथ ही लोकतंत्र) की जैसी दुर्दशा कर रहे हैं और जिसके चलते हम एक बार फिर स्वतंत्रता के लिए संघर्ष के मुहाने पर आ खड़े हुए हैं, उसके लिहाज से देखें तो पंडित नेहरू ने सबसे महत्वपूर्ण बात 1960 के स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री के तौर पर देशवासियों को सम्बोधित करते हुए कही थी।
उनके शब्द थे: आजादी की लड़ाई हमेशा जारी रहती है। कभी उसका अंत नहीं होता। हमेशा उसके लिए परिश्रम करना पड़ता है, हमेशा उसके लिए कुर्बानी देनी पड़ती है, तब वह कायम रहती है। जब कोई मुल्क या कौम ढीली पड़ जाती है, कमजोर हो जाती है, असली बातें भूलकर छोटे झगड़ों में पड़ जाती है, उसी वक्त उसकी आजादी फिसलने लगती है। आजादी की सालगिरह कोई तमाशा नहीं एक बार फिर से इकरार करने का दिन है- फिर से प्रतिज्ञा करने का, फिर से जरा अपने दिल में देखने का कि हमने अपना कर्तव्य पूरा किया कि नहीं।
उनका मतलब साफ था कि हर पीढ़ी को अपनी स्वतंत्रता की लड़ाई खुद लड़नी और खुद ही उसकी कीमत चुकानी पड़ती है। यह नहीं हो सकता कि उसके पुरखों ने कभी जो लड़ाई लड़ दी थी, उसी से हमेशा उसका काम चलता रहे। हां, वह लड़ाई उसकी पथप्रदर्शक हो सकती है, उसे भविष्य की राह दिखा सकती है।
इसी सम्बोधन में आगे उन्होंने देशवासियों से यह भी पूछा था कि आजादी किसके लिए आई? क्या चंद लोगों के लिए आई? जवाहरलाल के लिए आई कि उसको आपने चंद रोज के लिए प्रधानमंत्री बना दिया? फिर खुद ही उत्तर दिया था: नहीं, वह सबके लिए आई।
वह वास्तव में 'सबके लिए' बनी रहे, इसके लिए वे स्वयं अपने कर्तव्यों और नैतिकताओं की कितनी फिक्र करते और कैसी शिद्दत से उनका पालन करते थे, इसे जानने के लिए भी कोई बड़ा प्रयास करने या बहुत दूर जाने की जरूरत नहीं है।
इसे भी पढ़ेंः विशेष लेख: आखिर क्यों जरूरी है आज पंडित जवाहर लाल नेहरू को याद करना!
इस एक बात से ही समझा जा सकता है कि अपने उक्त सम्बोधन के दो साल बाद 1962 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की बाराबंकी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए वोट मांगते वक्त मतदाताओं से किया अपना एक वादा उन्होंने इसके बावजूद निभाया था कि मतदाताओं ने उनकी एक नहीं सुनी थी और कांग्रेस के प्रत्याशी को वह चुना्व हरा दिया था।
दरअसल, उस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हुसैन कामिल किदवई और सोशलिस्ट पार्टी के नेता रामसेवक यादव के बीच बेहद कड़ा संघर्ष था। ऐसे में पंडित नेहरू किदवई के लिए वोट मांगने बाराबंकी आये तो उनकी सभा में शामिल छात्रों ने बाराबंकी शहर में एक डिग्री कालेज स्थापित कराने की मांग कर डाली। सभा के बाद उन्होंने इसेे लेकर पंडित नेहरू को घेरा भी।
इस पर उन्होंने उनकी मांग पूरी करने का वादा किया और अपने साथ चल रहे उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री चन्द्रभानु गुप्त से कहा कि वे चुनाव खत्म होते ही बाराबंकी में डिग्री कालेज की स्थापना की प्रकिया आरंभ करा दें। इससे छात्र अपनी मांग पूरी होने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हो गये, लेकिन मतगणना में किदवई चुनाव हार गये तो उनको लगा कि अब शायद डिग्री कालेज के बजाय वादाखिलाफी ही उनके हाथ आये।
मगर कुछ ही दिनों बाद वे यह जानकर चकित रह गये कि पंडित नेहरू ने अपना वादा याद रखा है और उसे याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्त को पत्र लिखा है कि वे उनके उक्त वादे के मुताबिक बाराबंकी में डिग्री कालेज की स्थापना के लिए बिना देर किये जरूरी कदम उठायें। अपने पत्र में उन्होंने इस बात पर खासा जोर दिया था कि छात्रों और मतदाताओं में यह संदेश कतई नहीं जाना चाहिए कि हम चुनाव हार गये तो अपना वादा ही नहीं निभा रहे।
अंततः उनका वादा पूरा हुआ, उक्त डिग्री कालेज बना और 27 मई, 1964 को उनके निधन के बाद उसके नाम के साथ उनका नाम भी जोड़ दिया गया। आज की तारीख में उसको जवाहरलाल नेहरू स्मारक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के नाम से जाना जाता है और उसके नाम छोटी बड़ी कई उपलब्धियां दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ेंः महिला आरक्षण: पंडित नेहरू ने 1952 में ही की थी देश के विकास में महिलाओं की भूमिका की वकालत
दूसरे पहलू पर जायें तो हम जानते हैं कि पंडित नेहरू का अपनी आखिरी सांस तक अपने गृहनगर इलाहाबाद से बहुत प्रगाढ़ संबंध रहा था। वहां के एक आयोजन में उनके द्वारा महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' की ओर इशारा करके सुनाये गये एक किस्से की अभी भी खूब चर्चा की जाती है। यह जताने के लिए उनके निकट अदीबों और विद्वानों का कितना मान था और वे उनका कितना सम्मान करते थे।
वह किस्सा यों है कि एक राजा के दो बेटों में एक चतुर-सुजान और विद्वान तो दूसरा मूर्ख था। वक्त के साथ दोनों बेटे बड़े और राजा बूढ़ा हो गया तो उसने अपने मूर्ख बेटे को राजा बनाने की घोषणा कर दी, क्योंकि उसके अनुसार वह किसी और काम के लायक था ही नहीं। इस बाबत सवाल उठाए जाने पर उसने कहा कि उसका दूसरा चतुर और विद्वान बेटा कवि बनेगा, क्योंकि वह महान कार्य करने के लिए बना हुआ है।
कहते हैं कि यह किस्सा सुनाकर उन्होंने अपने गले से फूलों की माला उतारी और श्रद्धाभाव से सामने श्रोताओं में बैठे महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ के गले में नहीं, कदमों में डाल दी थी। भाव यह था कि 'आप जैसे कवि के आगे मुझ नाचीज नेता की भला क्या बिसात?' स्वाभाविक ही इससे निराला खासे गदगद हो उठे थे।
इसे भी पढ़ेंः हाशिए पर पड़े लोगों को सम्मान दिलाने में नेहरू का अहम योगदान, नहीं तो आज आदिवासियों और जनजातियों का इतिहास ही अलग होता
इस सिलसिले में एक अन्य महाकवि गजानन माधव 'मुक्तिबोध' का पंडित नेहरू से जुड़ा 1957 का एक लेखन भी बहुत यादगार है, जो तब का है, जब नेहरू ने एक सप्ताह की छुट्टी लेकर दून घाटी में विश्राम करने का कार्यक्रम बनाया था। ‘मुक्तिबोध’ ने उस वक्त के प्रतिष्ठित 'नया खून' नामक पत्र के अप्रैल, 1957 के अंक में ‘दून घाटी में नेहरू’ शीर्षक से टिप्पणी लिखकर उक्त कार्यक्रम का भरपूर स्वागत करते हुए लिखा था कि जो लोग जिम्मेदारी के काम पर हैं, उनके लिए आराम भी एक कर्तव्य होना चाहिए।
उनके ही शब्दों में ‘अगर हम चाहते हैं कि पंडित नेहरू दीर्घकाल तक हमारे बीच रहें तो उनके लिए विश्राम का नियम बना देना अनुचित न होगा।' साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई थी कि प्रकृति से संपर्क और उसके उत्फुल्ल सौंदर्य से साक्षात्कार नेहरू को निस्संदेह, ताजा बना देगा और उनकी रूह में नई ताकत फूंक देगा।
नेहरू की इस छुट्टी के दौरान ही मसूरी में डेवलपमेंट कमिश्नरों का सम्मेलन आयोजित कर उसमें उनके भाषण का कार्यक्रम रख दिया गया तो मुक्तिबोध ने यह लिखकर उसकी आलोचना की थी कि ‘नेहरू को शांति का पूरा एक हफ्ता भी नहीं मिल पायेगा।'
इसी टिप्पणी में उन्होंने आगे लिखा था : ‘एक बार एक बीस साल के नौजवान ने मुझसे पूछा कि नेहरू जी क्या सोचते-सोचते सोते होंगे? तीसरे विश्वयुद्ध के दृश्य, लोहा और इस्पात के विशाल नये कारखानों का धुआं, नए उठते हुए शहरों की मीनारें, पृथ्वी पर लहराते कई देशों को जोड़ते अथाह नीले समुद्र, कूटनीतिक चर्चाओं में उठाए गए तर्कों और दलीलों आदि-आदि के बिम्ब देखते हुए उनकी आंख लग जाती होगी। शायद हां, शायद नहीं।
...इसीलिए, हम चाहते हैं, चंद रोज ही क्यों न सही, नेहरू को नियमपूर्वक उसी तरह विश्राम कर लेना चाहिए, जिस प्रकार ठंडी लड़ाई (शीत युद्ध) के हजार ठंडे लेकिन चमकते हुए अंगारों के बावजूद अमेरिकी प्रेसीडेंट आइज़नहावर और अन्य यूरोपीय नेता समय पाकर विश्राम, मनोरंजन और खेलकूद में समय बिताते हैं।’
इससे पता चलता है कि अपने समकालीन साहित्य सर्जकों से नेहरू के (प्रधानमंत्री बनने से पहले भी और बाद में भी) कैसे आत्मीय और स्नेहसिक्त सम्बन्ध हुआ करते थे।
1964 में उनका निधन हो गया तो 'शायर-ए-इंकलाब' कहलाने वाले जोश मलीहाबादी ने उनको अनश्वर बताते हुए उनको ‘रूह-ए-इंसानियत का सिजदा' पेश किया था। उन्होंने लिखा था कि सच्ची सियासत वह होती है, जो इंसानी नस्ल को फूलों की सेज पर लिटाने के लिए खुद कांटों पर चलती और उसके पेट भरने के लिए खुद अपने पेट पर पत्थर बांधकर काम करती है। लेकिन आज की (यानी उनके वक्त की) सियासत इस कदर बदसूरत हो चुकी है कि वह अवाम को कांटों पर चलाकर खुद फूलों की सेज पर लेटती है।...नेहरू की सियासत चूंकि इस सियासत के बिल्कुल बरअक्स थी, इसलिए कहा जाता है कि वे अच्छे सियासतदां नहीं थे और मैं इसकी तस्दीक करता हूं।
दरअसल, जोश पंडित नेहरू को अपना सबसे अजीज दोस्त मानते थे। इसके बावजूद कि 1954 में पद्मभूषण से सम्मानित किए जाने के बावजूद उर्दू की उपेक्षा का बहाना बनाकर जोश 1958 में बहुत रोकने के बावजूद भारत में नहीं रहे और पाकिस्तान चले गये तो नेहरू उनसे बहुत नाराज हुए थे। बाद में जोश भारत आए तो दिल्ली में हुई भेंट के दौरान नेहरू ने उन्हें यह कहकर भरपूर ताना मारा था कि 'और जाओ, पाकिस्तान और देखो वहां उर्दू की कैसी 'तरक्की' हो रही है।' सच्चाई यह थी कि उस वक्त तक पाकिस्तान में उर्दू का हाल बहुत बुरा हो चला था।
लेकिन 27 मई, 1964 को पंडित नेहरू नहीं रहे तो जोश ने उनको दुनिया का जिंदा ताजमहल बताते हुए लिखा था: ‘अपनी मोहिनी सूरत की कशिश, अलग रंग की हाजिरजवाबी, आंखों की मुरव्वत, लहजे की मिठास, गुफ्तगू की मौसिकी, मुस्कुराहट के सुकून, खानदान की इज्जत, दिल की आसमान-सी बेइंतहा गुंजाइश और मिजाज व किरदार की बेनजीर शराफत के एतबार से एक ऐसे इंसान थे, जो इस जमीन पर सदियों के बाद पैदा होते हैं और यह आवाज बुलंद कर सकते हैं कि मत सहल हमें समझो, फिरता है फलक बरसों, तब खाक के पर्दे से इंसान निकलते हैं।
जोश मलीहाबादी के अनुसार नेहरू एक ऐसे जिंदा ताजमहल थे, जिसको अवध की सलोनी शाम और बनारस की खूबसूरत सुबह को मिलाकर इलाहाबाद के गंगा-जमुनी संगम पर छेनियों से तराशकर तामीर किया गया था। उनका वजूद हिंदुस्तान का गुरूर था।
तब फिराक गोरखपुरी, सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन ‘अज्ञेय’, साहिर लुधियानवी और कैफी आजमी वगैरह ने भी नेहरू को श्रद्धांजलि स्वरूप नज़्में रची थीं। इनमें साहिर की नज्म में नेहरू का बख्शा हुआ सिह-रंग-ए-अलम (तिरंगा), उनके ख़्वाबों की खुशी और रूह का गम लेकर चले-चलने का आह्वान किया गया है। यह कहते हुए कि उसके फरमानों की एलानों की ताजीम करो/ राख तकसीम की अरमान भी तकसीम करो/ मौत और जीस्त के संगम पे परेशां क्यूं हो/ उसका बख्शा हुआ सिह-रंग-ए-अलम ले के चलो/ जो तुम्हें जादा-ए-मंज़िल का पता देता है/अपनी पेशानी पर वो नक़्श-ए-क़दम ले के चलो।
इसी तरह कैफ़ी आज़मी ने उनको 'सहरा में चश्मा' कहकर याद किया था: मैंने तन्हा कभी उसको देखा नहीं/फिर भी जब उस को देखा वो तन्हा मिला/जैसे सहरा में चश्मा कहीं/या समुंदर में मीनार-ए-नूर/या कोई फ़िक्र-ए-औहाम में।
इसे भी पढ़ेंः पंडित नेहरू को आचार्य नरेन्द्र देव की निगाह से तो देखिये...!
यहां यह बताये बगैर बात अधूरी रह जाएगी कि नेहरू स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान 9 अगस्त, 1942 से 28 मार्च, 1945 तक अहमदनगर फोर्ट जेल में कैद थे और अपनी मशहूर कृति 'डिस्कवरी आफ इंडिया' पर काम कर रहे थे तो उन्होंने उसी जेल में अपने साथ कैद आचार्य नरेन्द्र देव से कहा था कि अंततः 'जेल जीवन ने मुझे इंसान बना दिया'।
तब आचार्य ने भी यह लिखकर उनके कहे की ताईद की थी कि असहयोग आंदोलन ने उनके (पं. नेहरू के) जीवन को इतनी गहराई से न प्रभावित किया होता, तो उनका व्यक्तित्व इतने विकास और उच्चता के शिखर तक न पहुंच पाता, जितना वह पहुंच सका और उन्हें जो अंतरराष्ट्रीय व्यक्तित्व प्राप्त है, वह उससे बहुत दूर होते। 1925-27 में यूरोप की यात्रा और बार-बार जेल यात्रा ने उन्हें अध्ययन और मनन के अवसर प्रदान किये और उन्होंने इनका सदुपयोग किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए