
भारतीय जनता पार्टी अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में राधा नाम लेकर जीतने की जुगत में है। साफ है कि अपना कामकाज दिखाने के लिए उसके पास कुछ भी नहीं है। बीजेपी ने 1992-93 में इसी किस्म से धार्मिक उन्माद फैलाकर देश को सांप्रदायिक जुनून के हवाले कर दिया था। दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव उसके लिए केवल एक राज्य का चुनाव नहीं है, वह 2029 के लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली की सत्ता तक पहुंचने का रास्ता भी है।
16 और 17 नवंबर को मथुरा में हुई बैठक को पार्टी ने मंथन/चिंतन शिविर का नाम दिया था। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष, राज्य के मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी हिस्सा लिया। बाद में नबीन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को शिविर में लिए गए निर्णयों और वहां हुई बातों के बारे में जानकारी भी दी।
चूंकि जनवरी में विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा संभावित है, इसलिए इस बैठक का खासा महत्व था। शिविर में चुनावी तैयारियों, सहयोगी दलों के साथ तालमेल और विपक्ष के आरोपों का माकूल जवाब देने-जैसे विषयों पर मंथन किया गया। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी ने 'राधे-राधे, कमल खिला दे' का नारा लगाया। मतलब साफ है कि इस बार पार्टी का यही नारा रहने वाला है। पार्टी की रणनीति में भव्य मथुरा मंदिर निर्माण, समान नागरिक संहिता (यूजीसी) लागू करना, कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे शामिल हैं।
लग यही रहा है कि पार्टी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और उससे जुड़े विवाद के मुद्दे को अपनी चुनावी नैया पार लगाने का जरिया बनाने को उतावली है। यह मामला मथुरा के कटरा केशव देव परिसर में स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर और उससे जुड़ी शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है। इस परिसर की जमीन और मौजूदा निर्माणों को हटाने-बदलने से जुड़े कई मुकदमे अदालतों में विचाराधीन हैं। भाजपा ने मथुरा में बैठक आयोजित कर यही संकेत देने कर प्रयास किया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर रामजन्म भूमि जैसे एक और भव्य मंदिर का निर्माण करने का वादा ही उनके चुनाव अभियान के केन्द्र में रहेगा।
इस नारे और प्रयास के पीछे के मनोविज्ञान को समझने की जरूरत है। पार्टी ने अयोध्या आंदोलन के दौरान ही यह नारा लगाया गया था कि 'अयोध्या तो झांकी है, काशी-मथुरा बाकी है'। यह उस आंदोलन का सबसे चर्चित और सांप्रदायिक उन्माद पैदा करने में सबसे कारगर नारे के रूप में याद किया जाता है।
6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद शहीद कर दी गई। यह ठीक है कि अपना चेहरा छिपाने के लिए बीजेपी इस नारे का पिछले काफी वर्षों से उपयोग नहीं कर रही है लेकिन अब साफ है कि हिन्दुत्ववादी संगठनों और उनके कार्यकर्ताओं के बीच व्यापक रूप से लोकप्रिय हो गए उसी किस्म के नारे के जुनून पर पार्टी फिर सवारी करना चाह रही है।
परोक्ष तरीके से ही सही, आरएसएस और बीजेपी पोषित हिन्दुत्ववादी संगठन किसी-न-किसी बहाने वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद-काशी विश्वनाथ परिसर और मथुरा के शाही ईदगाह-श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवादों को जब-तब उठाते रहे हैं। ध्यान रहे कि बाबरी मस्जिद शहीद किए जाने से पहले से इस किस्म का खतरा सामने था, इसीलिए 1992 में तत्कालीन केन्द्र सरकार ने इस तरह के आंदोलनों और धार्मिक स्थलों पर दावों से संबंधित विवादों को रोकने के लिए पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम 1991 पारित किया था। इस कानून के तहत 15 अगस्त 1947 को मौजूद सभी धार्मिक स्थलों की स्थिति को यथावत बनाए रखने का प्रावधान किया गया है, जिसमें केवल अयोध्या वाले विवाद को ही छूट दी गई थी। लेकिन पिछले डेढ़-दो वर्षों में हिन्दुत्ववादी संगठनों ने न जाने कितनी मस्जिदों के नीचे मंदिर होने के दावे किए हैं। इनमें से कई को लेकर मुकदमे भी शुरू हो गए हैं। ऐसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट से लेकर निचली अदालतों तक के रवैये सबके सामने हैं।
फिर भी, पार्टी की बेचैनी समझ में आने लायक है। चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर के माध्यम से बड़ी तादाद में देश भर में हटाए गए मतदाताओं के नामों के लेकर विपक्ष की सघन एकजुटता, अयोध्या के राममंदिर में चढ़ावा और चंदे में प्राप्त करोड़ों रुपयों की चोरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नरेन्द्र मोदी-अमित शाह के साथ कथित तकरार और हालिया एमएलसी चुनाव में बीजेपी की पराजय जैसे कारण पार्टी के लिए चुनौती हैं।
यही हताशा है कि योगी की भाषा बदल गई है। वोटर गायब करने के लिए चुनाव आयोग पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल जब सबूतों के साथ आरोप लगाते रहे थे, तो भाजपा और भाजपा-पोषित मीडिया उसकी खिल्ली उड़ाती थी। पर नवंबर के दूसरे हफ्ते में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में खुद योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने यूपी के 1.27 करोड़ हिन्दू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए हैं। चुनाव आयोग ने यह कहकर बचने की कोशिश की कि वह धर्म और जाति के आधार पर डेटा नहीं रखता है। लेकिन आयोग ने 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट सूची में 18.84 लाख और मतदाता जोड़ दिए हैं। राज्य में एसएसआर (स्पेशल समरी रिवीजन) चल रहा है और इसमें और लोगों के नाम जोड़ने का जुगाड़ करने के लिए भाजपा ने अपने सारे घोड़े खोल दिए हैं
बैसाखी का इंतजाम भी
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नामक गठबंधन का ऐलान किया है और वे सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। ओवैसी ने नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित कर दिया है। ओवैसी मुस्लिमों को और चंद्रशेखर दलितों को अपनी तरफ आकर्षित करने की होड़ में हैं। यूपी में दोनों समुदायों के लगभग 40 फीसदी वोट होते हैं।
लेकिन जरा रुकिए। यूपी में इन दोनों के चुनावी इतिहास के आंकड़ों पर नजर डालना जरूरी है। ओवैसी की पार्टी ने 2022 चुनावों में 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और इस पार्टी ने 0.43 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। पार्टी ने लोकसभा चुनावों में यूपी में प्रत्याशी नहीं दिए थे। चंद्रशेखर आजाद अपनी पार्टी से अकेले सांसद हैं। उनके समेत चार प्रत्याशी पिछले लोकसभा चुनाव में थे। पार्टी को 14.6 प्रतिशत वोट मिले थे। पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में 0.93 प्रतिशत वोट मिले थे।
जब ऐसे परिणाम रहे हों, तब इस गठबंधन के कथित थर्ड फ्रंट बनने पर राजनीतिक गलियारों में कनबतियां स्वाभाविक ही हैं। हालांकि सबूत नहीं हैं, पर यह चर्चा चल तो निकली ही है कि ओवैसी और चंद्रशेखर के पीछे ठोस आर्थिक मदद भाजपा की है, ताकि ओवैसी मुस्लिम वोटों में सेंध लगाकर समाजवादी पार्टी को और चंद्रशेखर दलित वोटों में सेंधमारी करके कांग्रेस को नुकसान पहुंचाएं।
भाजपा को उम्मीद है कि उसे इस तरीके से लाभ मिलेगा। पर असलियत यह है कि मुसलमान भावुक होकर नहीं, रणनीतिक तरीके से वोट करता है और उसकी रणनीति में भाजपा को हराना ही प्राथमिकता में हुआ करता है। आखिर, भाजपा की तरफ से सबसे ज्यादा प्रताड़ना भी तो वही लगातार झेल रहा है। वह ओवैसी के झांसे में नहीं आने वाला है। इसी तरह दलित भी चंद्रशेखर के संसदीय क्षेत्र में व्यक्तिगत आधार पर भले ही उन पर भरोसा करते हों, पर वे नगीना से बाहर उनके नाम पर अपने वोट को भाजपा की झोली में जाने देना शायद ही गवारा करें।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए