खेल

खेल: जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप और 'कैच छोड़ने की वजह से भारत मुश्किल में फंसा'

अपने शानदार स्पेल के साथ ही आकाश दीप ने जहीर खान, ईशांत शर्मा और मदन लाल के खास क्लब में जगह बना ली है। दिनेश कार्तिक मानते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में भारत की खराब फील्डिंग (कैच छोड़ने) ने टीम को मुसीबत में डाल दिया है।

जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप (Photo/X/BCCI)
जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप (Photo/X/BCCI) 

जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप, सौरव गांगुली ने शानदार गेंदबाजी को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन आकाश दीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 5 विकेट चटकाए। अपने इस शानदार स्पेल के साथ ही आकाश ने जहीर खान, ईशांत शर्मा और मदन लाल के खास क्लब में जगह बना ली है। 

आकाश दीप ने 31.1 ओवर के स्पेल में 99 रन देकर न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वह न्यूजीलैंड की सरजमीं पर एक पारी में 5 विकेट लेने वाले महज पांचवें गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा जहीर खान, ईशांत शर्मा, मदन लाल और जवागल श्रीनाथ ही कर सके हैं। जहीर ने न्यूजीलैंड में 4 बार एक पारी में 5 विकेट निकाले हैं। वहीं, ईशांत शर्मा ने यह कारनामा 3 बार किया है। मदन लाल और जवागल श्रीनाथ ने एक-एक बार 5 विकेट झटके हैं।

 आकाश दीप के बेहतरीन स्पेल की प्रशंसा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "टेस्ट में 5 विकेट लेने के लिए आकाशदीप को बधाई। वह एक मेहनती क्रिकेटर है। आगे और भी बहुत कुछ आने वाला है।"

आकाश ने टॉम लाथन, रचिव रविंद्र, नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन और मैट हेनरी के रूप में 5 बड़े विकेट निकाले। आकाश दीप की शानदार गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम न्यूजीलैंड को पहली पारी में 356 रनों पर ऑलआउट करने में सफल रही।

'हम अपनी काबिलियत के हिसाब से नहीं खेले', बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन को लेकर कोच साईराज बहुतुले

भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने माना है कि मेहमान टीम शनिवार को दूसरे दिन के अंत में अपनी काबिलियत के हिसाब से प्रदर्शन करने में नाकाम रही। पहली पारी में टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपने 6 विकेट सिर्फ 116 रनों के स्कोर पर गंवा दिए थे। 

भारतीय टीम अभी भी न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए 356 रनों के टोटल से 240 रन पीछे है और टीम के सिर्फ 4 विकेट बचे हुए हैं। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे दिन के पहले सेशन में अच्छी गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड के बचे हुए 5 विकेट सिर्फ 109 देकर चटकाए। हालांकि, टीम की फील्डिंग और फिर बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया।

 प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए साईराज बहुतुले ने कहा, "ठीक है, आप कभी नहीं कह सकते कि आखिरी गेंद फेंके जाने तक खेल हमारी पहुंच से बाहर है। मगर हां, यह निश्चित रूप से एक निराशाजनक दिन था। हम पार्टनरशिप नहीं बना सके। हर बल्लेबाज को शुरुआत मिली, लेकिन हम उन्हें बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। इस तरह के विकेट पर पार्टनरशिप बहुत जरूरी होती है और मुझे लगता है कि यहीं पर हम थोड़ा और बेहतर कर सकते थे।"

कैच छोड़ने की वजह से भारत मुश्किल में फंसा, डब्ल्यूटीसी फाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म: कार्तिक

भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक मानते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में भारत की खराब फील्डिंग (कैच छोड़ने) ने टीम को मुसीबत में डाल दिया है। कार्तिक ने कहा है कि टीम के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं अब लगभग खत्म होती जा रही हैं।

 न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर 116 रन जुटाए हैं। भारतीय टीम अभी भी 240 रन पीछे है, और ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर नाबाद हैं। वाशिंगटन सुंदर के 10 रन पर आउट होने के साथ ही दूसरे दिन का खेल समाप्त हुआ। तीसरे दिन जुरेल के साथ आकाश दीप बल्लेबाजी करने उतरेंगे।

कार्तिक ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो में कहा, "भारत की फील्डिंग और कैच पकड़ने को लेकर क्या हो रहा है? टेस्ट खेलने वाले 12 देशों में भारत अभी 8वें नंबर पर है। हम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना देख रहे हैं, लेकिन अगर आप 8वें नंबर पर हैं, तो इसका मतलब है कि आपने बहुत सारे कैच छोड़े हैं और कई अहम मौकों को गंवा दिया है। इसका सीधा-सा मतलब है कि आपके लिए फाइनल में पहुंचना लगभग नामुमकिन हो गया है।"

आईपीएल 2027 में रिंकू सिंह को केकेआर का कप्तान बनाया जा सकता है: इरफान पठान

भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज इरफान पठान मानते हैं कि आईपीएल 2027 के लिए रिंकू सिंह को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का नया कप्तान बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तीन बार की चैंपियन (2012, 2014 और 2024) टीम के पास कप्तानी के लिए बहुत कम विकल्प हैं।

अजिंक्य रहाणे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं, जिसके बाद केकेआर नए कप्तान की तलाश है। पठान ने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का भी जिक्र किया, जिन्हें केकेआर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी में खरीदकर कप्तान बना सकती है।

पठान ने 'जियोस्टार' से कहा, "रिंकू सिंह को कोलकाता नाइट राइडर्स का कप्तान बनाने को लेकर काफी चर्चा हो रही है। फिलहाल, उनकी टीम में कप्तानी के लिए ज्यादा विकल्प नहीं हैं। ऐसे में रिंकू सबसे बेहतर विकल्प नजर आते हैं। वे नीलामी से भी किसी कप्तान को खरीदने के बारे में सोच सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो केवल एक ही खिलाड़ी का नाम दिमाग में आता है – शाई होप। उन्होंने हाल ही में भारत में एक सीरीज खेली है और बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। वे चाहें तो इस विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट के काम करने के तरीके को देखते हुए, मुझे लगता है कि रिंकू सिंह ही कोलकाता नाइट राइडर्स के नए कप्तान बनेंगे।"

सूर्यवंशी में ऐसी प्रतिभा है जो मैंने पहले कभी नहीं देखी: एलिस्टेयर कुक

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक का मानना है कि भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी में भविष्य में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की क्षमता है और वह सिर्फ टी20 अंतरराष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में यह मुकाम हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सूर्यवंशी की तरह किसी को बल्लेबाजी करते नहीं देखा है। उनकी हिटिंग में जो निरंतरता है और जिस तरह से वह तेजी से नीचे आती गेंदों पर भी छक्का जड़ देते हैं, उससे साफ है कि वह ऐसा लगातार कर सकते हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में तहलका मचा दिया है। आईपीएल में उनका रिकॉर्ड अविश्वसनीय है और आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट प्रतियोगिता है। ’’

कुक ने शनिवार को यहां क्वीन एलिजाबेथ स्कूल में एक शैक्षणिक कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘हर पीढ़ी को एक ऐसे प्रेरणादायक खिलाड़ी की जरूरत होती है, जिसे बच्चे अपना आदर्श मान सकें। अगर सूर्यवंशी तीनों प्रारूपों में ऐसा कर पाते हैं तो यह टेस्ट क्रिकेट के लिए भी अच्छा होगा। मैं चाहता हूं कि वह सफेद गेंद के साथ लाल गेंद के क्रिकेट में भी इसी तरह छाप छोड़ें। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनमें ऐसा हुनर है जो मैंने पहले कभी नहीं देखा। मुझे उम्मीद है कि उनके मन में यह चुनौती होगी कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी क्षमता को परखें। टेस्ट क्रिकेट को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो कुछ नया करने का प्रयास करने को तैयार हों। हो सकता है कि उन्हें इसमें सफलता नहीं मिले, लेकिन इसमें कोई बुराई नहीं है। वह सफेद गेंद के क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए हुए हैं और मुझे उम्मीद है कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी ऐसा कर सकते हैं। क्रिकेट को ऐसे ही किसी प्रेरणादायक खिलाड़ी की जरूरत है। ’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए