अपराध

मणिपुर के उखरुल में उग्रवादियों ने गाड़ियों पर की गोलीबारी, दो महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत

मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच भड़के जातीय संघर्ष में अब तक 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं। वहीं इस साल फरवरी से अब तक झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

मणिपुर के उखरुल में उग्रवादियों ने गाड़ियों पर की गोलीबारी, दो महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत
मणिपुर के उखरुल में उग्रवादियों ने गाड़ियों पर की गोलीबारी, दो महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत फोटोः IANS

मणिपुर के उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने दो गाड़ियों पर की फायरिंग

उग्रवादियों के हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत

इस साल फरवरी से अब तक मणिपुर में कम से कम 50 लोगों की मौत

मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार दोपहर इंफाल-दीमापुर नेशनल हाईवे पर संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा गाड़ियों पर किए गए एक हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। यह घटना पहाड़ी जिले उखरुल के लिटन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत 'न्यू हेवन' इलाके में हुई। उखरुल जिले की सीमा म्यांमार के साथ लगती है, जो बिना बाड़ वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा है) और नागालैंड के साथ भी इसकी अंतर-राज्यीय सीमा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए हैं और लिटन पुलिस थाना इस संदिग्ध हमले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

दो कारों में सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौत

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मारे गए लोग नागा समुदाय से थे। इंफाल में एक पुलिस अधिकारी ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि दो कारों में सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की, सशस्त्र उग्रवादियों के हमले के तुरंत बाद मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों गाड़ियों की विंडशील्ड (सामने के शीशे) पर गोलियों के निशान देखे गए हैं। घटना के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है।

एक दिन पहले कांगपोकपी में महिला की हत्या

इस घटना से एक दिन पहले गुरुवार को मणिपुर के कांगपोकपी जिले में दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच हुई गोलीबारी में एक कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गई थी और दो पुरुष घायल हो गये थे। एक कुकी महिला की मौत के विरोध में एक आदिवासी संगठन द्वारा बुलाए गए बंद के कारण शुक्रवार को मणिपुर के कांगपोकपी जिले में जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। दुकानें, बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। यात्री बसों और ऑटो-रिक्शा सहित अधिकांश वाहन सड़कों से नदारद रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीओटीयू ने 48 घंटे के बंद का आह्वान किया था

गुरुवार को तापहो कुकी गांव के पास हुई गोलीबारी के बाद, कांगपोकपी स्थित 'कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी' (सीओटीयू) ने 12 नवंबर की आधी रात से 48 घंटे के बंद का आह्वान किया था। शैक्षणिक संस्थानों, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को इस बंद से बाहर रखा गया था। सीओटीयू ने मांग की है कि कांगपोकपी जिले के पहाड़ी इलाकों से सभी केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों को हटा लिया जाए, खासकर उन बलों को जो सेनापति जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के अधीन काम कर रहे हैं।

एनएससीएन-आईएम और जेडयूएफ-के पर आरोप

गुरुवार को कांगपोकपी जिले के तापहोउ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेन्गजांग के पास के इलाके में विरोधी सशस्त्र समूहों के बीच हुई गोलीबारी में 42 वर्षीय कुकी महिला, किमनेनेन्ग चोंगलोई की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। कुकी संगठनों का आरोप है कि जब महिला धान के खेत में काम कर रही थी, तब एनएससीएन-आईएम और जेडयूएफ-के के सदस्यों ने उसकी हत्या कर दी।

इस साल फरवरी से अब तक 50 लोगों की मौत

मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच भड़के जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इस साल फरवरी से अब तक मणिपुर के पर्वतीय जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए