देश

नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द होने पर कांग्रेस, TMC, एडिटर्स गिल्ड ने सरकार को घेरा, पूछा- सवालों से डर क्यों?

हेले मई में पीएम मोदी की ओस्लो यात्रा के दौरान उनसे सवाल पूछकर चर्चा में आई थीं। हेले ने कहा कि उन्हें 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘भारत समिट’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन अचानक वीजा रद्द कर दिया गया।

नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द होने पर कांग्रेस, TMC, एडिटर्स गिल्ड ने सरकार को घेरा, पूछा- सवालों से डर क्यों?
नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द होने पर कांग्रेस, TMC, एडिटर्स गिल्ड ने सरकार को घेरा, पूछा- सवालों से डर क्यों? फोटोः सोशल मीडिया

नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग का वीजा रद्द करने पर कांग्रेस ने केंद्र पर निशाना साधा

टीएमसी और एडिटर्स गिल्ड ने हेले का वीजा रद्द किए जाने पर सवाल उठाया है

कांग्रेस ने केंद्र पर निशाना साधा, पूछा- मोदी सरकार सवालों से इतना क्यों डरती है

नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी से सवाल करने वाली पत्रकार हेले लिंग की ओर से भारत सरकार द्वारा उनका वीजा रद्द करने का दावा किए जाने के बाद कांग्रेस और टीएमसी ने केंद्र पर निशाना साधा है और पूछा है कि मोदी सरकार सवालों से इतना क्यों डरती है? एडिटर्स गिल्ड ने हेले का वीजा रद्द किए जाने पर सवाल उठाया है।

इसे भी पढ़ेंः नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी सवाल करने वाली पत्रकार हेले लिंग को भारत आने से रोका गया, वीजा रद्द

रवाना होने से कुछ मिनट पहले वीजा रद्द किया गया

हेले मई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओस्लो यात्रा के दौरान भी चर्चा में आई थीं। नॉर्वे की स्वतंत्र पत्रकार हेले ने कहा कि उन्हें 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘भारत समिट’ में शामिल होने और वक्ता के रूप में अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया था।

हेले लिंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीधे सवाल करते हुए पूछा कि नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास से वीजा मिलने के बावजूद हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से कुछ मिनट पहले इसे क्यों रद्द कर दिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाह उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत आने की अनुमति देंगे। हालांकि, वीजा रद्द किए जाने के उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही सरकार की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया आई है।

मोदी और उनकी सरकार सवालों से इतना क्यों डरते हैं

कांग्रेस ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल किया कि सरकार सवालों से क्यों डर रही है? कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आपको याद होगा कि नॉर्वे की एक पत्रकार ने (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी से सवाल पूछा था और मोदी वहां से बचते नजर आए थे। अब वही पत्रकार हेले तेलंगाना में आयोजित होने जा रहे ‘भारत समिट’ में शामिल होने वाली थीं, लेकिन उनके वहां पहुंचने से पहले ही वीजा रद्द कर दिया गया।” कांग्रेस ने सवाल किया, “मोदी और उनकी सरकार सवालों से इतना क्यों डरते हैं?”

एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी सवाल उठाया

एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी सवाल उठाया कि पत्रकार को पहले वीजा क्यों जारी किया गया और फिर यह बताया गया कि उन्हें भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। गिल्ड ने एक बयान में कहा, “एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया नॉर्वे की स्वतंत्र पत्रकार हेले लिंग का वीजा ऐन वक्त पर रद्द किए जाने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करता है।”

उसने कहा, “गिल्ड यह समझने में असमर्थ है कि उनका वीजा रद्द करने की वजह क्या है। हेले एक सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पत्रकार हैं। ऐसा लगता है कि उनका एकमात्र ‘अपराध’ मई 2026 में ओस्लो में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल पूछना था।” गिल्ड ने कहा, “इस तरह की कार्रवाई प्रशासनिक मनमानी का संकेत देती है और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत की छवि को भारी नुकसान पहुंचाती है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी भी जीवंत लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों में से एक है। संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) के तहत यह मौलिक अधिकार भी है।”

मोदी-अमित शाह सरकार को शर्म आनी चाहिए

गिल्ड के अध्यक्ष संजय कपूर और महासचिव राघवन श्रीनिवासन ने संयुक्त बयान में सरकार से हेले लिंग का वीजा रद्द किए जाने के कारण सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही, उसने वीजा रद्द करने का फैसला वापस लेने और पत्रकार को भारतीय लोगों के सामने अपने विचार रखने की अनुमति देने की अपील की।

तृणमूल कांग्रेस की नेता सागरिका घोष ने भी हेले की पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “नरेन्द्र मोदी-अमित शाह सरकार को शर्म आनी चाहिए।” एडिटर्स गिल्ड के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए घोष ने कहा, “यह बेहद निंदनीय है। सवाल पूछने के लिए एक पत्रकार का वीजा रद्द कर दिया जाता है और फिर दुनिया भर के सम्मेलनों में जाकर ‘लोकतंत्र’ का पाठ पढ़ाया जाता है। नरेन्द्र मोदी सरकार ऐसा एक भी सवाल बर्दाश्त नहीं कर सकती, जिसका जवाब पहले से तय न हो। जो लोग खुले सवालों से डरते हैं, वे शासन चलाने में अपनी नाकामी उजागर करते हैं।”

हेले ओस्लो में मोदी से सवाल पूछकर चर्चा में आई थीं

इससे पहले हेले ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे भारत का वीजा मिल गया था और हैदराबाद में होने वाले भारत समिट में शामिल होने के लिए आज सुबह रवाना होना था। मुझे मीडिया के भविष्य और प्रेस की स्वतंत्रता पर आयोजित सत्र में वक्ता और पैनल सदस्य के रूप में आमंत्रित किया गया था।” उन्होंने कहा, “लेकिन गृह मंत्रालय में ‘ऊपर से मिले आदेशों’ के बाद मेरा वीजा रद्द कर दिया गया है। अमित शाह के लिए मेरा संदेश यह है।” इसके साथ ही उन्होंने शाह से वीजा रद्द किए जाने का कारण पूछा।

गौरतलब है कि मई में ओस्लो में प्रधानमंत्री मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टॉर के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया के सामने बयान दिए थे। उस दौरान हेले ने मोदी से सवाल पूछने की कोशिश की थी। पत्रकारों को पहले ही बता दिया गया था कि दोनों नेता संयुक्त संवाद के दौरान कोई सवाल नहीं लेंगे। इस दौरान मोदी हेले के सवालों से बचते नजर आए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए