दुनिया

दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट हुई हाईजैक? इमरजेंसी सिग्नल से मचा हड़कंप, सऊदी अरब में कराई गई लैंडिंग

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, माना जा रहा है कि इमरजेंसी और 7500 कोड जारी होने के पीछे विमान के पायलटों के बीच हुआ कथित विवाद भी कारण हो सकता है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक कमर्शियल फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल जारी होने के बाद हड़कंप मच गया। फ्लाइट FZ1073 ने सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में उड़ान के दौरान पहले 7700 स्क्वॉक कोड जारी किया, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत होता है। कुछ देर बाद विमान ने 7500 कोड प्रसारित किया, जिसे आम तौर पर विमान में हाईजैकिंग या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत माना जाता है।

हालांकि, कुछ समय बाद विमान ने दोबारा 7700 कोड पर स्विच कर दिया। इस दौरान फ्लाइट ने अपने निर्धारित मार्ग में बदलाव किया और तेल अवीव जाने के बजाय सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर रुख किया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान बाद में ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। लैंडिंग के बाद विमान ट्रैकिंग साइटों पर नजर नहीं आया। विमान में करीब 180 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।

पायलटों के बीच विवाद की आशंका

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षा सूत्रों ने संकेत दिया है कि इमरजेंसी और 7500 कोड जारी होने के पीछे विमान के पायलटों के बीच हुआ कथित विवाद कारण हो सकता है। घटना के बाद इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को भी विमान की निगरानी के लिए रवाना किए जाने की खबर है। वहीं, हिब्रू मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने आपात बैठक की।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल के दिनों में बिना कोई विशेष विवरण दिए सुरक्षा संबंधी बढ़े हुए खतरों को लेकर चेतावनी दी है। इजराइल में पिछले कई दशकों से विमान अपहरण की कोई घटना नहीं हुई है, और वह दुनियाभर में हवाई अड्डों की सबसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था वाले देशों में से एक है।

इजराइल और संयुक्त अरब अमीरात के 2020 में संबंध सामान्य होने के बाद से दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक उड़ानें संचालित होती रही हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए