दुनिया

पूरे गाजा पर कब्जा करेगा इजराइल, सुरक्षा कैबिनेट ने दी मंजूरी, जानें क्या PM नेतन्याहू का प्लान

पीएम नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को कहा कि हमास को समाप्त करने के लिए इजराइल गाजा पट्टी का पूर्ण नियंत्रण अपने हाथ में लेने और इसके प्रशासन को अंततः मित्र अरब बलों को हस्तांतरित करने का इरादा रखता है।

इजराइली सुरक्षा कैबिनेट ने गाजा पर कब्जा करने की योजना को मंजूरी दी (फाइल फोटो)
इजराइली सुरक्षा कैबिनेट ने गाजा पर कब्जा करने की योजना को मंजूरी दी (फाइल फोटो) फोटोः सोशल मीडिया

अंततः इजराइल ने अपनी असली मंशा जाहिर कर दी है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का इरादा गाजा पर कब्जे की है। इजराइली सुरक्षा कैबिनेट ने गाजा शहर पर कब्जा करने की योजना को मंजूरी भी दे दी है। पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने यह जानकारी दी।

पीएम नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को कहा कि हमास को समाप्त करने के लिए इजराइल गाजा पट्टी का पूर्ण नियंत्रण अपने हाथ में लेने और इसके प्रशासन को अंततः मित्र अरब बलों को हस्तांतरित करने का इरादा रखता है।

गाजा में 22 महीने से जारी है इजराइल का सैन्य अभियान

बता दें कि, हमास ने सात अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हमला किया था जिसमें करीब 1,200 लोगों की हत्या की गई थी और कई लोगों को बंधक बनाया गया था। इसके जवाब में इजराइल का सैन्य अभियान 22 महीने से जारी है।

सुरक्षा कैबिनेट ने अपने 22 महीने के आक्रामक अभियान को व्यापक बनाने पर चर्चा की।

इजराइली मीडिया के अनुसार, सुरक्षा कैबिनेट ने गाजा पर नियंत्रण के निर्णय को मंजूरी दे दी और यह बैठक बृहस्पतिवार शाम को शुरू होकर रात तक चली।

तनाव बढ़ने से बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा

गाजा में सैन्य अभियानों का विस्तार करने से अनगिनत फलस्तीनियों और लगभग 20 इजराइली बंधकों की जान जोखिम में पड़ जाएगी। साथ ही इजराइल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी अलग-थलग पड़ सकता है। गाजा के लगभग तीन-चौथाई हिस्से पर इजराइल का पहले से ही नियंत्रण है।

गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों के परिवारों को डर है कि अगर तनाव बढ़ा तो उनके प्रियजनों की जान जा सकती है और कुछ ने यरुशलम में सुरक्षा कैबिनेट के बैठक स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

गाजा को हमास से मुक्त कराना हमारा लक्ष्य- नेतन्याहू

सुरक्षा कैबिनेट की बैठक से पहले ‘फॉक्स न्यूज’ के साथ एक साक्षात्कार में जब नेतन्याहू से पूछा गया कि क्या इजराइल ‘‘पूरे गाजा पर नियंत्रण कर लेगा’’ तो उन्होंने जवाब दिया था, ‘‘हमारी मंशा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां से हमास को हटाना और लोगों को गाजा से मुक्त कराना है।’’

नेतन्याहू ने साक्षात्कार में कहा था, ‘‘हम इसे अपने पास नहीं रखना चाहते। हम एक सुरक्षा घेरा चाहते हैं। हम इसे अरब बलों को सौंपना चाहते हैं जो हमें बिना किसी खतरे के इसका उचित तरीके के संचालन करें और गाजावासियों को एक अच्छी ज़िंदगी दें।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए