हालात

चीनी के बाद अब रुला रहा प्याज, कांग्रेस ने पूछा- 'अच्छे दिनों' का दावा करने वाली सरकार बताए कि गरीब कैसे गुजारा करे?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि ‘‘दूध, तेल, फल और राशन सब आम इंसान की पहुंच से बाहर हो रहे हैं।’’

चीनी के बाद अब रुला रहा प्याज, कांग्रेस ने पूछा- 'अच्छे दिनों' का दावा करने वाली सरकार बताए कि गरीब कैसे गुजारा करे?
चीनी के बाद अब रुला रहा प्याज, कांग्रेस ने पूछा- 'अच्छे दिनों' का दावा करने वाली सरकार बताए कि गरीब कैसे गुजारा करे? फोटो: IANS

कांग्रेस ने प्याज की कीमतों में उछाल को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सरकार से पूछा कि महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग आखिर कैसे गुजारा करें।

जयराम रमेश ने एक हिंदी दैनिक की खबर का हवाला देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार के शासन में आज महंगाई आसमान छू रही है। उन्होंने कहा, ‘‘चीनी के बाद अब प्याज भी आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही है। महीने भर में प्याज के दाम 76 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं, राज्यों में थोक भाव दोगुने हो चुके हैं, और सरकार का बफर स्टॉक खाली पड़ा है।’’

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि ‘‘दूध, तेल, फल और राशन सब आम इंसान की पहुंच से बाहर हो रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ बेरोजगारी है, दूसरी तरफ वर्षों से कार्यरत लोगों के रोजगार छूट रहे हैं। इस बीच महंगाई का बम लगातार फूट रहा है।’’

रमेश ने कहा, ‘‘'अच्छे दिनों' का दावा करने वाली मोदी सरकार बताए कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कैसे गुज़ारा करे?’’

चीनी के बाद अब रुला रहा प्याज

चीनी के बाद अब प्याज की कीमत में उछाल आई है। पिछले एक महीने में देश के कई हिस्सों में प्याज की कीमत दोगुनी हो चुकी है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में प्याज की खुदरा कीमत 65 रुपये प्रति किलो पहुंच चुकी है जबकि एक साल पहले यह 35 रुपये थी। इसी तरह चेन्नई में प्याज 58 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जबकि पिछले साल यह 33 रुपये था। 

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए