
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कार्गो क्षेत्र में धुंआ देखे जाने के बाद गुजरात के राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि विमान में 194 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तकनीशियनों ने धुएं का कारण पता लगाने के लिए विमान की जांच शुरू कर दी है।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने एक बयान में कहा, ‘‘दुबई से मुंबई आ रही उड़ान आईजीओ-1452 के के कार्गो होल्ड (सामान रखने वाले हिस्से) में धुआं उठने का संकेत मिला। एहतियात के तौर पर विमान का रूट बदला गया और सुरक्षित तरीके से राजकोट एयरपोर्ट पर उसे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। बयान में कहा गया कि संदेश मिलने के बाद अपराह्न 2:45 बजे हवाई अड्डे पर आपात स्थिति घोषित की गई और विमान अपराह्न 3:27 बजे सुरक्षित उतर गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 1452 दुबई से मुंबई आ रही थी। उड़ान के दौरान चालक दल (क्रू) को कार्गो होल्ड में धुआं होने का संकेत मिला। इसके बाद पायलट ने तुरंत राजकोट एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी और विमान को तत्काल राजकोट में उतारने की अनुमति दी गई। फ्लाइट में कुल 194 यात्री सवार थे। विमान के सुरक्षित लैंड करने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली: IGI एयरपोर्ट पर इंडिगो की 'फुल इमरजेंसी' लैंडिंग, फायर ब्रिगेड-एंबुलेंस थी तैयार, 161 यात्री थे सवार
राजकोट एयरपोर्ट के निदेशक दिगंत बोरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान पूरी तरह सुरक्षित तरीके से उतरा और सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि धुआं मिलने की सूचना के बाद केवल एहतियात के तौर पर विमान को राजकोट डायवर्ट किया गया था। फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि धुएं के संकेत की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। एयरलाइन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
इसे भी पढ़ेंः टला बड़ा विमान हादसा! उड़ान भरते ही स्पाइसजेट की दिल्ली-लेह फ्लाइट में लगी आग! टेकऑफ के तुरंत बाद की इमरजेंसी लैंडिंग
हवाई अड्डा पुलिस थाने के निरीक्षक केपी तारेटिया ने बताया कि पायलट ने एटीसी को संदिग्ध धुएं के बारे में जानकारी दी और गुजरात के राजकोट में आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी। पायलट को विमान के अंदर धुएं का शक हुआ और एहतियात के तौर पर उन्होंने राजकोट हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी। विमान सुरक्षित उतर गया है। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल आए और उन्हें टर्मिनल ले जाया गया है। अधिकारी ने बताया, ‘‘विमानन कंपनी की तकीनीशियनों की टीम हवाई अड्डे पर पहुंच गई है और विमान की जांच कर रही है। विमान में आग नहीं लगी थी।’’
इसे भी पढ़ेंः स्पाइसजेट फ्लाइट का इंजन उड़ान के बीच फेल, टला बड़ा हादसा, फ्लाइट की कराई गई सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए